Yamunanagar News | तकनीकी विचारों को नव उद्यम में बदलें युवा : उत्कर्ष माथुर ने बताए स्टार्टअप के अवसर | सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

तकनीक और नवाचार के दौर में युवाओं के नए विचार देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। युवाओं को अपने तकनीकी और नवाचारी विचारों को सही मार्गदर्शन के साथ नव उद्यम में बदलने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। यह बात मेइटी स्टार्टअप हब के वरिष्ठ प्रबंधक उत्कर्ष माथुर ने भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की ओर से आयोजित ऑनलाइन लेक्चर के दौरान कही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की कार्यवाहक प्रिंसिपल डॉ. सुरिंद्र कौर और आईआईसी कनवीनर विवेक ने की। ऑनलाइन कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्टार्टअप, तकनीक, नवाचार और उद्यमिता से जुड़े विभिन्न अवसरों की जानकारी दी गई।
उत्कर्ष माथुर ने कहा कि युवाओं को केवल रोजगार तलाशने तक सीमित न रहकर रोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने बताया कि मेइटी स्टार्टअप हब युवाओं को ऐसा मंच उपलब्ध कराता है, जहां वे अपने तकनीकी और नवाचारी विचारों को विकसित करने के साथ उन्हें व्यावसायिक रूप देने के लिए मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि इस मंच के माध्यम से युवाओं को तकनीकी विशेषज्ञों और अनुभवी उद्यमियों से मार्गदर्शन तथा संपर्क स्थापित करने के अवसर मिलते हैं। इससे युवाओं की रचनात्मक सोच को दिशा मिलने के साथ नए उद्यम और रोजगार के अवसर विकसित करने में मदद मिल सकती है।
उत्कर्ष माथुर ने विद्यार्थियों से तकनीक और नवाचार को अपनी ताकत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नए विचारों को केवल सोच तक सीमित रखने के बजाय उन्हें व्यावहारिक और व्यावसायिक रूप देने का प्रयास करना चाहिए। इस दौरान उन्होंने स्टार्टअप और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम के आयोजन में डॉ. परमेश कुमार, डॉ. शिखा और ममता थापर ने सहयोग किया।
Editor: शिवानी राजपूत



