Kurukshetra News | निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन : 180 लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण | जरूरतमंदों को मिली दवाइयां

अंतरराष्ट्रीय जाट धर्मशाला में श्री बालाजी आरोग्यम हॉस्पिटल के सहयोग से निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 180 पुरुषों और महिलाओं ने पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध करवाई गईं। लोगों ने अपनी विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर चिकित्सकों से परामर्श लिया।

कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के अध्यक्ष रविंद्र सांगवान ने शिविर का निरीक्षण किया और आयोजकों व चिकित्सकों की ओर से की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में इस तरह के शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके माध्यम से लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिलती है।
अंतरराष्ट्रीय जाट धर्मशाला के प्रधान डॉ. कृष्ण श्योकंद ने कहा कि धर्मशाला की कार्यकारिणी की ओर से जनसेवा से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों के साथ स्वास्थ्य एवं जनसेवा के क्षेत्र में भी सहयोग किया जा रहा है।
Editor: शिवानी राजपूत



