Yamunanagar News | 16 सितंबर को नगर निगम सदन की बैठक : विकास कार्यों पर होगी चर्चा | पार्षदों से मांगे प्रस्ताव

नगर निगम सदन की साधारण बैठक 16 सितंबर को जिमखाना क्लब में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता मेयर सुमन बहमनी करेंगी। इसमें शहर के विकास, बुनियादी सुविधाओं, पिछली बैठक में पारित प्रस्तावों पर हुई कार्रवाई और नए विकास कार्यों को लेकर चर्चा की जाएगी।
बैठक का एजेंडा तैयार करने के लिए नगर निगम ने सभी पार्षदों से उनके वार्डों से संबंधित समस्याओं और विकास कार्यों के प्रस्ताव मांगे हैं। पार्षद अपने वार्ड में चल रहे कार्यों की स्थिति, लंबित समस्याओं और नए विकास कार्यों के संबंध में लिखित प्रस्ताव निगम को देंगे। इन्हें सदन के एजेंडे में शामिल कर चर्चा की जाएगी।

नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने अधिकारियों को बैठक से संबंधित तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बैठक का उद्देश्य शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार विकास कार्यों को गति देना है। पार्षदों से मिलने वाली शिकायतों और सुझावों के आधार पर प्राथमिकताएं तय की जाएंगी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि सदन की बैठक में जनहित से जुड़े विकास कार्यों पर चर्चा की जाएगी। करोड़ों रुपये के प्रस्तावित विकास कार्य भी सदन के सामने रखे जाएंगे। नगर निगम की ओर से सभी पार्षदों को बैठक में शामिल होने के लिए आधिकारिक सूचना जारी की गई है।
बैठक में सड़क और नाली निर्माण, सीवरेज व्यवस्था, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी, पेयजल आपूर्ति और सफाई व्यवस्था जैसे मुद्दों पर पार्षद अपने सुझाव रखेंगे। विभिन्न वार्डों में चल रहे विकास कार्यों की स्थिति की भी समीक्षा की जाएगी।
इसके अलावा नगर निगम के सामुदायिक केंद्रों की ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था पर भी सदन में चर्चा होगी। सामुदायिक केंद्रों के क्षेत्रफल के आधार पर निर्धारित फीस और बुकिंग प्रक्रिया से संबंधित प्रस्ताव सदन के सामने रखा जाएगा। चर्चा के बाद इस संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
Editor: शिवानी राजपूत



