Yamunanagar News | रेड क्रॉस मार्केट को प्लास्टिक मुक्त बनाने की मुहिम : दुकानदारों को किया जागरूक | पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील

नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी की स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) टीम ने वार्ड नंबर सात स्थित रेड क्रॉस मार्केट को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया। टीम ने दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी संचालकों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी दी और इसके इस्तेमाल से बचने की अपील की।
मेयर सुमन बहमनी और निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देश पर चलाए गए अभियान में वार्ड पार्षद प्रियांक शर्मा भी शामिल हुए। उन्होंने वार्ड कमेटी सदस्य पंकज, स्वच्छ भारत मिशन के एक्सपर्ट दुर्गेश कुमार, सहयोगी गगन बेनीवाल और सुपरवाइजर सागर के साथ मार्केट में दुकानदारों से बातचीत की।

पार्षद प्रियांक शर्मा ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण और स्वच्छता व्यवस्था के लिए चुनौती है। उन्होंने दुकानदारों से प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े के थैले, जूट बैग और अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्पों का इस्तेमाल करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस मार्केट को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए दुकानदारों के साथ ग्राहकों की भागीदारी भी जरूरी है। अभियान के दौरान दुकानदारों ने सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने और मार्केट को प्लास्टिक मुक्त बनाने में सहयोग देने का आश्वासन दिया।
एसबीएम एक्सपर्ट दुर्गेश कुमार ने बताया कि नगर निगम की ओर से शहर के विभिन्न बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह के जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इनके माध्यम से लोगों को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
Editor: शिवानी राजपूत



