Yamunanagar News | सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस की अपील : यातायात नियमों का करें पालन | उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने जिले के वाहन चालकों और नागरिकों से सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वाहन चालकों की जिम्मेदारी अपनी सुरक्षा के साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें और मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें। नशे की हालत में वाहन चलाने और जोखिम भरे ओवरटेक से बचें। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर सड़क हादसे का कारण बन सकती है।
उन्होंने दोपहिया वाहन चालक और पीछे बैठने वाले व्यक्ति दोनों से हेलमेट पहनने तथा चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने की अपील की। इसके साथ ही पैदल यात्रियों, साइकिल सवारों, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा।
पुलिस अधीक्षक ने वाहन चालकों को अपने वाहनों का नियमित रखरखाव कराने की सलाह दी। ब्रेक, टायर, हेडलाइट, टेललाइट और इंडिकेटर सही स्थिति में रखने को कहा गया है। वाणिज्यिक और सार्वजनिक परिवहन चालकों से क्षमता से अधिक सवारी या माल नहीं ले जाने की अपील की गई।
ऑटो और ई-रिक्शा चालकों से सड़क के बीच वाहन रोककर सवारी चढ़ाने या उतारने से बचने को कहा गया है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था पुलिस और प्रशासन के साथ प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने लोगों से खुद यातायात नियमों का पालन करने के साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Editor: शिवानी राजपूत



