Yamunanagar News | सेवा संकल्प अभियान में कृषि मंत्री का जनसंवाद : गांवों में बताए अभियान के उद्देश्य

हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण, मत्स्य एवं पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने सेवा संकल्प अभियान के तहत रादौर क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में ग्रामीणों को संबोधित किया। उन्होंने सफल पैलेस रादौर, रावत पैलेस फर्कपुर, लक्शीबांस, बहादुरपुर और अलाहर में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान भाजपा नेताओं और ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि सेवाभाव और समर्पण के साथ किए गए कार्य समाज में बदलाव लाने के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा।

राणा ने कहा कि अभियान के माध्यम से सुशासन, जनसेवा और विकसित भारत 2047 के संकल्प को आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा। इसके तहत रक्तदान शिविर, सफाई अभियान, प्रदर्शनियां, सेमिनार और सरकारी योजनाओं से जुड़ी जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कृषि मंत्री ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का प्रयास जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार का उल्लेख करते हुए सरकारी योजनाओं और रोजगार से संबंधित सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं।
फर्कपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नगर निगम यमुनानगर की मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि नगर निगम के विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर अनाज मंडी रादौर में सुबह की सैर से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों से इसमें शामिल होने का आह्वान किया।
कार्यक्रमों के दौरान कृषि मंत्री के काफिले को रास्ते में एक सड़क दुर्घटना में घायल दो लोग दिखाई दिए। जानकारी के अनुसार श्याम सिंह राणा ने अपनी गाड़ी रुकवाई और दोनों घायलों को अपनी पायलट गाड़ी से अस्पताल भिजवाया। उन्होंने लोगों से अपील की कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को देखकर मदद के लिए आगे आएं और उसे समय पर अस्पताल पहुंचाने का प्रयास करें।
इन कार्यक्रमों में हरियाणा सफाई आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक ईश्वर सिंह पलाका, रादौर भाजपा मंडल अध्यक्ष कृष्ण काम्बोज, फर्कपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष संध्या रावत, धनपत सैनी, ऋषि पाल सैनी, हैप्पी खेड़ी, सुरेंद्र सिंह चीमा, गोपाल कृष्ण, राज कुमार शर्मा और पार्षद उज्जवल ठाकुर सहित विभिन्न गांवों के सरपंच, भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Editor: शिवानी राजपूत



