Kurukshetra News | HSGMC में बढ़ा विरोध : गुरतेज सिंह के समर्थन में उतरे 7 सदस्य | प्रधान झींडा के इस्तीफे की मांग

कुरुक्षेत्र। हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (HSGMC) के मुख्यालय के बाहर कमेटी सदस्य गुरतेज सिंह का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। बुधवार को उनके समर्थन में कमेटी के सात सदस्य और सिख संगत धरना स्थल पर पहुंची। प्रदर्शनकारियों ने HSGMC के प्रधान जगदीश सिंह झींडा के कामकाज पर सवाल उठाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।
गुरतेज सिंह के समर्थन में सदस्य दीदार सिंह नलवी, बीबी कपूर कौर के प्रतिनिधि भूपेंद्र सिंह लाडी, सदस्य गुरमीत सिंह रामसर, बलदेव सिंह हाबड़ी, गुरबीर सिंह, राजेंद्र सिंह बराड़ा और स्वर्ण सिंह सहित सिख संगत के लोग धरने में शामिल हुए।
धरने को समर्थन देने पहुंचे भूपेंद्र सिंह लाडी ने आरोप लगाया कि HSGMC प्रधान जगदीश सिंह झींडा की ओर से कमेटी सदस्यों और सिख संगत से किए गए कई वादे अभी तक धरातल पर दिखाई नहीं दिए हैं। उन्होंने कहा कि संगत जब इन घोषणाओं और वादों को लेकर सदस्यों से सवाल करती है तो उनके पास जवाब देना मुश्किल हो जाता है। इसी कारण उन्होंने धरने का समर्थन करते हुए प्रधान के इस्तीफे की मांग की है।
भूपेंद्र सिंह लाडी ने कहा कि धरने के पहले दिन गुरतेज सिंह बैठे थे और अब उनके समर्थन में सात कमेटी सदस्य तथा सिख संगत भी पहुंची है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में धरने का समर्थन करने वाले सदस्यों की संख्या और बढ़ सकती है।
धरने पर बैठे गुरतेज सिंह ने कहा कि उन्हें लगातार कमेटी सदस्यों और सिख संगत का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि फिलहाल सात सदस्यों ने धरने का समर्थन किया है और आने वाले दिनों में अन्य सदस्य भी उनके साथ आ सकते हैं।
गुरतेज सिंह ने कहा कि जब तक उनके उठाए सवालों का जवाब नहीं मिलता, तब तक धरना जारी रहेगा। उन्होंने प्रधान जगदीश सिंह झींडा के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए उनके इस्तीफे की मांग दोहराई। प्रधान झींडा को लेकर लगाए गए आरोप और इस्तीफे की मांग धरना दे रहे सदस्यों का पक्ष है।
Editor: नितिन यादव



