Yamunanagar News | SAIL अधिकारी बनकर ₹16.55 लाख की ठगी : पश्चिम बंगाल से आरोपी गिरफ्तार | कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेजा

यमुनानगर। प्लाईवुड एसोसिएशन के प्रधान एवं कारोबारी जुगल किशोर बिहानी से 16 लाख 55 हजार रुपये की ठगी के मामले में थाना सदर यमुनानगर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के गांव चंद्रपुर निवासी श्याम मैत्रा के रूप में हुई है। आरोपी पर खुद को स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) का वरिष्ठ अधिकारी बताकर ठगी करने का आरोप है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में थाना सदर यमुनानगर की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। इस संबंध में 30 जनवरी 2026 को मामला दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को बीरभूम की अदालत में पेश कर राहदारी रिमांड पर यमुनानगर लाया गया। मंगलवार को यहां अदालत में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थाना प्रभारी कमलजीत सिंह के अनुसार कमला नगर निवासी जुगल किशोर बिहानी ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनकी कामी माजरा में गैलेक्सी प्लाईवुड इंडस्ट्रीज के नाम से प्लाईवुड फैक्ट्री है। दिसंबर 2025 के पहले सप्ताह में उन्होंने एमएस बिलेट्स की खरीद के लिए ऑनलाइन बी2बी प्लेटफॉर्म पर पूछताछ की थी।
शिकायत के मुताबिक इसी दौरान उनका संपर्क श्याम मैत्रा नाम के व्यक्ति से हुआ। आरोप है कि उसने खुद को पश्चिम बंगाल स्थित SAIL प्लांट का एजीएम बताया और कंपनी से जुड़े दस्तावेज दिखाकर कारोबारी का विश्वास हासिल किया।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ने आरोपी की बातों पर विश्वास कर अलग-अलग लेनदेन में कुल 16 लाख 55 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में संदेह होने पर बैंक खाते की जांच कराई गई तो कथित धोखाधड़ी का पता चला। शिकायत के आधार पर थाना सदर यमुनानगर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस ने जांच के बाद आरोपी श्याम मैत्रा को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक मामले से जुड़े वित्तीय लेनदेन और अन्य पहलुओं की जांच की गई है। आरोपी को अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने लोगों और कारोबारियों को ऑनलाइन व्यावसायिक सौदे करते समय कंपनी और बैंक खाते की आधिकारिक स्तर पर पुष्टि करने तथा केवल ऑनलाइन उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर बड़ी रकम ट्रांसफर नहीं करने की सलाह दी है।
Editor: नितिन यादव



