Yamunanagar News | साइबर ठग रोज बदल रहे तरीके : पुलिस ने जारी की नई एडवाइजरी | SP ने सतर्क रहने की अपील की

यमुनानगर। साइबर अपराधियों की ओर से ठगी के लगातार बदलते तरीकों को देखते हुए जिला पुलिस ने नागरिकों के लिए नई साइबर एडवाइजरी जारी की है। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने लोगों से अनजान कॉल, लिंक, ऑनलाइन निवेश के ऑफर और बैंकिंग जानकारी मांगने वालों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी लोगों को बड़े आर्थिक नुकसान से बचा सकती है।
एसपी कमलदीप गोयल ने कहा कि जिला पुलिस साइबर अपराधों के खिलाफ कार्रवाई के साथ जनजागरूकता अभियान भी चला रही है। उन्होंने लोगों को स्पष्ट किया कि वीडियो कॉल के माध्यम से किसी व्यक्ति को कथित रूप से ‘डिजिटल अरेस्ट’ करने जैसी कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं है। यदि कोई पुलिस, सीबीआई, ईडी, आयकर विभाग या अन्य सरकारी एजेंसी का अधिकारी बनकर वीडियो कॉल पर डराए और पैसे की मांग करे तो उस पर भरोसा न करें।
पुलिस ने लोगों को OTP, ATM PIN, CVV, नेट बैंकिंग पासवर्ड और UPI PIN जैसी गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी है। बैंक या सरकारी संस्थाओं के नाम से आने वाले संदिग्ध संदेशों और लिंक पर भी क्लिक नहीं करने को कहा गया है।
एडवाइजरी में KYC अपडेट, बिजली बिल, सिम कार्ड, गैस कनेक्शन या FASTag बंद होने का डर दिखाकर भेजे जाने वाले संदिग्ध लिंक से सावधान रहने को कहा गया है। ऐसी किसी भी सूचना की पुष्टि संबंधित संस्था के आधिकारिक माध्यम से करने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने कम समय में ज्यादा मुनाफे का लालच देने वाले फर्जी निवेश और ट्रेडिंग ऑफर से भी सावधान किया है। सोशल मीडिया या मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर पार्ट टाइम जॉब, ऑनलाइन टास्क और घर बैठे कमाई के नाम पर आने वाले संदिग्ध प्रस्तावों की पूरी जांच करने की सलाह दी गई है।
सोशल मीडिया खातों की सुरक्षा के लिए मजबूत और अलग पासवर्ड रखने तथा टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन चालू करने को कहा गया है। ऑनलाइन खरीदारी के दौरान विश्वसनीय प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करने और एडवांस भुगतान से पहले विक्रेता की जांच करने की सलाह भी दी गई है।
एसपी कमलदीप गोयल ने कहा कि साइबर धोखाधड़ी होने पर जल्द से जल्द शिकायत दर्ज कराना महत्वपूर्ण है। पीड़ित राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना देने के साथ आधिकारिक राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल या नजदीकी साइबर थाना एवं संबंधित पुलिस थाने में शिकायत कर सकते हैं।
उन्होंने लोगों से परिवार के बच्चों और बुजुर्गों को भी साइबर ठगी के सामान्य तरीकों के बारे में जागरूक करने की अपील की। एसपी ने कहा कि किसी अनजान लिंक, कॉल या लालच पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है और नागरिकों की सतर्कता साइबर अपराध से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
Editor: नितिन यादव



