Fatehabad News | विकसित भारत क्विज में भाग लेंगे युवा : 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के लिए मौका | 30 सितंबर तक पहला चरण

फतेहाबाद। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य से युवाओं को जोड़ने के लिए ‘विकसित भारत क्विज’ का आयोजन किया जा रहा है। जिला युवा अधिकारी रीना केसरिया ने फतेहाबाद जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं से माय भारत पोर्टल के माध्यम से इस क्विज में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।
जिला युवा अधिकारी रीना केसरिया ने बताया कि राष्ट्रीय युवा महोत्सव के स्वरूप में बदलाव करते हुए इसे ‘विकसित भारत युवा संवाद’ नाम दिया गया है। इसका उद्देश्य देशभर के युवाओं को एक मंच पर लाकर राष्ट्रीय एकता, युवा सशक्तिकरण और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही विकसित भारत@2047 की परिकल्पना में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि विकसित भारत क्विज 22 भाषाओं में आयोजित की जा रही है। इसमें भारतीय विविधता, देश की उपलब्धियों और विकास के साथ विकसित भारत@2047 से जुड़े विषयों पर युवाओं के ज्ञान एवं समझ का परीक्षण किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं में देश के प्रति ज्ञान, जिज्ञासा और जागरूकता बढ़ाना भी है।
विकसित भारत चैलेंज ट्रैक पांच चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहला चरण क्विज का होगा, जो 30 सितंबर 2026 तक चलेगा। दूसरा चरण निबंध का 5 से 9 अक्टूबर तक, तीसरा चरण जिला चैंपियनशिप का 10 से 16 नवंबर तक और चौथा चरण राज्य विकसित भारत युवा संवाद का 17 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। पांचवां एवं अंतिम चरण राष्ट्रीय संवाद के रूप में 10 से 12 जनवरी 2027 तक होगा।
चैलेंज के दौरान युवाओं को भविष्य का शासन, शहरी विकास एवं नागरिक सेवाएं, जलवायु सुरक्षा, मानव पूंजी एवं युवा विकास, उद्यमिता, हरित विकास, समावेशी विकास, नवाचार, पर्यटन, प्रौद्योगिकी, रोजगार क्षमता, डिजिटल अर्थव्यवस्था और वैश्विक प्रतिस्पर्धा सहित विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा।
रीना केसरिया के अनुसार राष्ट्रीय स्तर तक चयनित होने वाले युवाओं को भारत के विकास, विज्ञान, नवाचार और विकसित भारत से जुड़े अपने सुझाव एवं विचार राष्ट्रीय मंच पर रखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल युवाओं के ज्ञान, प्रतिभा, रचनात्मक सोच, नवाचार और नेतृत्व क्षमता को सामने लाने का अवसर प्रदान करेगी।
जिला युवा अधिकारी ने फतेहाबाद जिले के पात्र युवाओं से 30 सितंबर तक पहले चरण में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि युवा इस अवसर के माध्यम से राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर अपनी सोच और प्रतिभा सामने रख सकते हैं।
Editor: नितिन यादव



