Kurukshetra News | अनाज मंडी में धान की आवक शुरू : 1509 किस्म की हो रही प्राइवेट खरीद | सीजन की तैयारियां पूरी
जिले की अनाज मंडी में धान की आवक शुरू हो गई है। फिलहाल मंडी में 1509 किस्म का धान पहुंच रहा है, जिसकी प्राइवेट खरीद की जा रही है। आगामी धान सीजन को देखते हुए मार्केट कमेटी की ओर से मंडी में व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं।
कुरुक्षेत्र मार्केट कमेटी के सचिव हरजीत सिंह ने बताया कि धान सीजन को लेकर सभी जरूरी तैयारियां की गई हैं। मंडी परिसर में पेचवर्क का काम भी चल रहा है, ताकि सीजन के दौरान किसानों और आढ़तियों को परेशानी न हो।

उन्होंने बताया कि मंडी में पीने के पानी सहित अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। अटल कैंटीन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। हरजीत सिंह ने कहा कि किसानों को मंडी में किसी प्रकार की समस्या न आए, इसके लिए व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जाएगी।
धान के उठान को लेकर भी संबंधित ठेकेदारों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। मार्केट कमेटी का प्रयास रहेगा कि खरीद और उठान के दौरान किसानों व आढ़तियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

हरजीत सिंह के अनुसार मंडी में अभी 1509 किस्म के धान की आवक शुरू हुई है और इसकी प्राइवेट खरीद चल रही है। सीजन में आवक बढ़ने के साथ मंडी की व्यवस्थाओं को भी उसी के अनुसार संचालित किया जाएगा।
Editor: शिवानी राजपूत



