Rewari News | प्राइवेट प्ले स्कूलों की समस्याओं पर ज्ञापन : नियम सरल करने की उठाई मांग | विधायक ने मंत्री से की बातचीत

प्राइवेट प्ले स्कूल एसोसिएशन रेवाड़ी के सदस्यों ने प्ले स्कूलों के पंजीकरण और संचालन में आ रही नीतिगत व व्यावहारिक समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव के माध्यम से मुख्यमंत्री तक भेजा गया है।
एसोसिएशन ने ज्ञापन में कहा कि मौजूदा नियमों और अलग-अलग विभागों की प्रक्रियाओं के कारण छोटे प्राइवेट प्ले स्कूलों को संचालन में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने सरकार से नियमों को अधिक व्यावहारिक और सरल बनाने की मांग की।
ज्ञापन में 0.2 एकड़ भूमि की अनिवार्यता पर पुनर्विचार करने, फायर NOC के नियमों में व्यावहारिक राहत देने और PWD बिल्डिंग सेफ्टी सर्टिफिकेट की अवधि 5 वर्ष से बढ़ाकर 10 वर्ष करने की मांग रखी गई। इसके अलावा NEP 2020 के अनुरूप मान्यता प्रक्रिया सरल करने तथा MIS और UDISE पोर्टल से जुड़ी प्रक्रियाओं को सुगम बनाने की मांग भी की गई।
एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से संबंधित विभागों को आवश्यक संशोधन और स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया। संगठन का कहना है कि नियमों में व्यावहारिक बदलाव होने से छोटे प्ले स्कूलों के संचालन में आ रही परेशानियां कम होंगी और बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा सुचारू रूप से जारी रह सकेगी।
एसोसिएशन के अनुसार विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी से बातचीत की। विधायक ने समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखने और इनके सकारात्मक समाधान के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया।
Editor: शिवानी राजपूत



