Rewari News | 5-डे बैंकिंग की मांग पर हड़ताल : बैंकिंग सेवाएं रहीं प्रभावित | 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) के आह्वान पर पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग को लेकर बैंक अधिकारी और कर्मचारी एक दिवसीय हड़ताल पर रहे। देशव्यापी हड़ताल का असर रेवाड़ी में भी देखने को मिला और बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं। कर्मचारियों ने एक दिन का वेतन कटवाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
बैंक यूनियन नेताओं के अनुसार उनकी प्रमुख मांग बैंकों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की है। उनका कहना है कि मार्च 2024 में इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनियनों के बीच इस मुद्दे पर सहमति बनी थी। इसके तहत कर्मचारी प्रतिदिन अतिरिक्त समय काम करने के लिए भी तैयार हुए थे, ताकि ग्राहकों के लिए बैंकिंग समय प्रभावित न हो।

कर्मचारियों का कहना है कि समझौते के लंबे समय बाद भी पांच दिवसीय बैंकिंग लागू नहीं होने से उनमें नाराजगी है। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने सरकारी कार्यालयों, शेयर बाजार और RBI की तर्ज पर बैंकों में भी पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग की।
यूनियन प्रतिनिधियों ने कहा कि कर्मचारी अपनी मांगों का समाधान बातचीत के माध्यम से चाहते हैं। उन्होंने सरकार और IBA से जल्द इस मुद्दे पर निर्णय लेने की मांग की है।
UFBU ने मांगों का समाधान नहीं होने की स्थिति में आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। यूनियन के अनुसार 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी। इसके बाद भी समाधान नहीं निकला तो 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है।
Editor: शिवानी राजपूत



