Faridabad News | युवक पर चाकू से हमले में 2 गिरफ्तार : महिला से बातचीत को लेकर रंजिश का आरोप | तीसरे आरोपी की तलाश
सेक्टर-3 स्थित वाल्मीकि मंदिर के पास 7 सितंबर को 27 वर्षीय युवक निपुण कुमार पटेल पर हुए हमले के मामले में अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मेंद्र उर्फ लाला और मनीष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वारदात में शामिल तीसरे आरोपी आशीष की तलाश की जा रही है।
एसीपी क्राइम अमन यादव के अनुसार सेक्टर-3 निवासी निपुण कुमार पटेल 7 सितंबर को पूजा करने के लिए वाल्मीकि मंदिर आया था। इसी दौरान बाइक पर आए नकाबपोश युवकों ने उसके साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया। घायल निपुण को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पीड़ित के चाचा धनंजय कुमार पटेल की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था।

पुलिस जांच के अनुसार धर्मेंद्र की पहले डबुआ कॉलोनी में रहने वाली एक महिला से जान-पहचान थी। बाद में महिला सेक्टर-3 में रहने लगी और निपुण के संपर्क में थी। पुलिस का कहना है कि इसी बात को लेकर धर्मेंद्र और निपुण के बीच रंजिश पैदा हुई और इसके बाद हमले की योजना बनाई गई। इन आरोपों और वारदात में प्रत्येक आरोपी की भूमिका की जाच जारी है।
अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने जांच के बाद धर्मेंद्र उर्फ लाला और मनीष को 10 सितंबर को गिरफ्तार किया। पुलिस दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड की मांग करेगी। मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार धर्मेंद्र के खिलाफ थाना डबुआ में पहले भी लड़ाई-झगड़े का मामला दर्ज है। वारदात में कथित रूप से शामिल तीसरे आरोपी आशीष की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
Editor: शिवानी राजपूत



