Rewari News | प्रदेश महामंत्री वेद फुल्ला का स्वागत : पहली बार पहुंचे रेवाड़ी | कार्यकर्ताओं से संगठन मजबूत करने का आह्वान

भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री वेद फुल्ला के नया दायित्व संभालने के बाद पहली बार रेवाड़ी पहुंचने पर भाजपा जिला कार्यालय में स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में जिले के भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली ने वेद फुल्ला का स्वागत करते हुए कहा कि उनका संगठनात्मक अनुभव पार्टी को मजबूत करने में उपयोगी साबित होगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने की उनकी कार्यशैली और संगठन में अनुभव से प्रदेश स्तर पर पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी।

जिला प्रभारी मदन गोयल ने कहा कि प्रदेश महामंत्री का नया दायित्व मिलने के बाद वेद फुल्ला का यह पहला रेवाड़ी प्रवास है। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे कार्यकर्ताओं से संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्रदेश महामंत्री वेद फुल्ला ने स्वागत के लिए जिला भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर लगातार काम किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की गतिविधियों और सेवा कार्यों को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत करने पर चर्चा की। पार्टी की विचारधारा और सेवा गतिविधियों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने को लेकर भी विचार साझा किए गए।
इस दौरान ‘सेवा ही संकल्प अभियान’ के तहत जिला कार्यशाला भी आयोजित की गई। कार्यशाला में जिले के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इसमें संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के साथ सेवा और समर्पण के भाव से कार्य करने पर चर्चा हुई।
कार्यशाला में कार्यकर्ताओं से समाजहित से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करने और संगठन के कार्यक्रमों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश सचिव नागेंद्र शर्मा, किसान मोर्चा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रामपाल यादव, एचपीपीए कोऑर्डिनेटर सतीश खोला, पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक हुकम चंद यादव, सुनील मूसेपुर, रत्नेश बंसल, सिंहराम महलावत, जिला महामंत्री पंडित हिमांशु पालीवाल और कुलदीप चौहान सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Editor: शिवानी राजपूत



