Gurugram News | मोबाइल शोरूम में करीब ₹4 लाख की चोरी : 16 मोबाइल समेत इलेक्ट्रॉनिक सामान गायब | CCTV में दिखे दो संदिग्ध

बिलासपुर चौक के पटौदी रोड स्थित एक मोबाइल शोरूम में चोरी का मामला सामने आया है। दुकानदार के अनुसार चोर शोरूम से करीब चार लाख रुपये कीमत के मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर ले गए। बिलासपुर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव पथरेड़ी निवासी सुरेंद्र कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बिलासपुर चौक पर उनका ‘राधा कृष्णा मोबाइल’ नाम से शोरूम है। मंगलवार रात करीब नौ बजे वह रोजाना की तरह दुकान बंद करके घर चले गए थे। बुधवार सुबह करीब सात बजे दुकान पहुंचे तो शटर के ताले टूटे मिले और शटर भी आंशिक रूप से खुला हुआ था।

दुकानदार ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में दुकान की जांच की गई तो काउंटर और रैक से मोबाइल फोन सहित इलेक्ट्रॉनिक सामान गायब मिला।
दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखने पर दो संदिग्ध व्यक्ति दुकान के अंदर दिखाई दिए। दोनों ने चेहरे ढके हुए थे और उनके पास बैग थे। दुकानदार के अनुसार संदिग्ध दुकान में रखा सामान बैग में भरकर ले गए।

पुलिस को दी गई सामान की सूची के मुताबिक दुकान से कुल 16 मोबाइल फोन चोरी हुए हैं। इनमें सैमसंग के आठ, मोटोरोला के छह और नोकिया के दो कीपैड फोन शामिल बताए गए हैं। इसके अलावा स्मार्ट वॉच और ईयरबड्स सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान भी गायब होने की शिकायत दी गई है।
पीड़ित दुकानदार ने चोरी हुए सामान की शुरुआती कीमत करीब चार लाख रुपये बताई है। अन्य सामान की सही संख्या और कुल नुकसान का पता स्टॉक रजिस्टर से मिलान के बाद स्पष्ट होने की बात कही गई है।

बिलासपुर थाना पुलिस ने दुकानदार की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने CCTV फुटेज और मोबाइल फोन से संबंधित दस्तावेज लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
Editor: शिवानी राजपूत



