Faridabad News | वाहन चोरी के 3 मामले सुलझे : 2 नाबालिग समेत चार काबू | 2 बाइक और स्कूटी बरामद

फरीदाबाद। पुलिस की अलग-अलग अपराध शाखाओं ने वाहन चोरी के तीन मामलों में कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग समेत चार को काबू किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार थाना कोतवाली क्षेत्र में अप्रैल 2025 में दर्ज वाहन चोरी के मामले में एवीटीएस सिकरोना की टीम ने हस्तीवाड़ा मोहल्ला, गांव धौज निवासी मोसिम उर्फ बवा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी वाहन चोरी और आर्म्स एक्ट से संबंधित दो मामले दर्ज हैं।

एक अन्य मामले में अपराध शाखा बॉर्डर की टीम ने थाना सराय ख्वाजा क्षेत्र में हुई वाहन चोरी के मामले में पल्ला निवासी भोले को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
वहीं अपराध शाखा एनआईटी की टीम ने थाना मुजेसर क्षेत्र में अगस्त 2026 में हुई वाहन चोरी के मामले में दो नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया। उनके पास से चोरी की एक स्कूटी बरामद की गई। दोनों नाबालिगों को नियमानुसार अभिरक्षा में भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार तीन अलग-अलग वाहन चोरी के मामलों में कुल दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की गई है। पुलिस ने कहा कि वाहन चोरी के मामलों में कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Editor: नितिन यादव



