Faridabad News | क्रेडिट कार्ड के नाम पर ₹1.43 लाख की ठगी : खाता उपलब्ध कराने वाला गिरफ्तार | 4 दिन के रिमांड पर

फरीदाबाद। क्रेडिट कार्ड रि-एक्टिवेट करने के नाम पर 1 लाख 43 हजार 850 रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मंगोलपुरी, वेस्ट दिल्ली निवासी विश्वास उर्फ गोलू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर साइबर ठगी के लिए बैंक खाता उपलब्ध कराने का आरोप है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सुभाष कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी कि उसके पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को एक बैंक के क्रेडिट कार्ड विभाग से जुड़ा बताते हुए कार्ड बंद होने की बात कही और उसे दोबारा सक्रिय रखने के नाम पर भुगतान करने को कहा।
शिकायतकर्ता के अनुसार इसके बाद उससे क्रेडिट कार्ड से संबंधित जानकारी मांगी गई। कुछ समय बाद उसके क्रेडिट कार्ड से दो बार में कुल 1 लाख 43 हजार 850 रुपये कट गए। शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने विश्वास उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने पहले गिरफ्तार किए जा चुके विजय और सुनील से बैंक खाता लेकर उसे आगे साइबर ठगी में इस्तेमाल के लिए उपलब्ध कराया था। पुलिस का कहना है कि संबंधित खाते में ठगी की रकम में से 1 लाख 40 हजार रुपये आए थे।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे आगामी पूछताछ के लिए चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। मामले में पहले भी दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और पुलिस आगे की जांच कर रही है।
Editor: नितिन यादव



