Faridabad News | नए BS-VI या इलेक्ट्रिक वाहन पर रोड टैक्स में छूट : PARIVARTAN योजना की समीक्षा | पुराने वाहनों पर चलेगा अभियान

फरीदाबाद। PARIVARTAN योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पुराने End-of-Life (EOL) वाहनों के खिलाफ प्रस्तावित विशेष अभियान को लेकर गुरुवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में पुलिस उपायुक्त यातायात जयबीर सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में यातायात पुलिस के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार बैठक में भारत सरकार, हरियाणा सरकार, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड (NCRPB) और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप PARIVARTAN योजना के क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। इसके साथ एनसीआर क्षेत्र में संचालित पुराने और End-of-Life ट्रक एवं बसों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की समीक्षा की गई।
डीसीपी ट्रैफिक जयबीर सिंह ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पुराने और End-of-Life वाहनों की पहचान कर निर्धारित नियमों के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुराने एवं अधिक प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को चरणबद्ध तरीके से हटाने से वायु प्रदूषण कम करने और पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी।
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार PARIVARTAN योजना का उद्देश्य एनसीआर में चल रहे पुराने और अधिक प्रदूषण फैलाने वाले ट्रक एवं बसों के स्थान पर नए BS-VI, इलेक्ट्रिक या अन्य स्वच्छ ईंधन आधारित वाहनों को बढ़ावा देना है। पात्र वाहन मालिकों को पुराने वाहन बदलने के लिए विभिन्न प्रकार के प्रोत्साहन और सुविधाएं देने का प्रावधान बताया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार योजना के तहत पात्र End-of-Life ट्रक या बस को अधिकृत वाहन स्क्रैपिंग केंद्र पर स्क्रैप कराने के बाद नया BS-VI अथवा इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर मोटर वाहन कर यानी रोड टैक्स में 100 प्रतिशत तक की छूट का प्रावधान है।
पुराने वाहन के स्थान पर प्रयुक्त BS-VI अथवा इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर रोड टैक्स में 50 प्रतिशत तक की छूट का प्रावधान बताया गया है। इसके अलावा पात्र वाहन मालिकों के लिए पंजीकरण शुल्क में छूट, वाहन निर्माताओं की ओर से प्रोत्साहन और अन्य वित्तीय सुविधाओं की जानकारी भी बैठक में दी गई।
डीसीपी ट्रैफिक ने पुराने वाहन मालिकों से अपने वाहन की श्रेणी और संबंधित नियमों की जानकारी समय रहते प्राप्त करने की अपील की। यातायात अधिकारियों को कार्रवाई के साथ वाहन चालकों और मालिकों को PARIVARTAN योजना के बारे में जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए।
यातायात पुलिस के अनुसार आने वाले दिनों में फरीदाबाद में End-of-Life वाहनों को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में एसीपी ट्रैफिक शैलेंद्र सिंह, सभी यातायात निरीक्षक, जोनल अधिकारी और यातायात शाखा के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Editor: नितिन यादव



