Faridabad News | मोबाइल छीनकर खाते से ₹91 हजार निकाले : एक आरोपी गिरफ्तार | ₹20 हजार बरामद

फरीदाबाद। सेक्टर-8 थाना क्षेत्र में मोबाइल फोन छीनने के बाद बैंक खाते से UPI के जरिए 91 हजार रुपये निकालने के मामले में अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान नूंह के छारौदा निवासी अरमान के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 20 हजार रुपये बरामद करने का दावा किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार हनुमान नगर, भारत कॉलोनी निवासी रमेश भगत ने शिकायत दी थी कि 3 नवंबर 2025 की रात करीब 10:45 बजे वह ड्यूटी से घर लौट रहा था। सेक्टर-20बी मथुरा रोड स्थित खाटू श्याम मंदिर के पास वह फोन आने पर सड़क किनारे रुका था। इसी दौरान एक युवक उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार अगले दिन 4 नवंबर को वह बैंक शाखा पहुंचा। वहां उसे पता चला कि उसके बैंक खाते से UPI के माध्यम से कुल 91 हजार रुपये निकाले जा चुके हैं। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-8 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस जांच में मोबाइल छीनने की वारदात में नीरज और सूरज की कथित भूमिका सामने आई। पुलिस का दावा है कि वारदात के बाद मोबाइल अरमान तक पहुंचा और बाद में शिकायतकर्ता के खाते से रकम निकालने में इसका इस्तेमाल किया गया।
पुलिस के अनुसार मामले में डिजिटल लेनदेन और रकम के आगे ट्रांसफर होने की भी जांच की गई। जांच के आधार पर अरमान को गिरफ्तार किया गया और उससे 20 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी अरमान को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में नीरज और सूरज को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
Editor: नितिन यादव



