Jhunjhunu News | सिंघानिया विश्वविद्यालय में मनाया शिक्षक दिवस : छात्रों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां | शिक्षकों का किया सम्मान

सिंघानिया विश्वविद्यालय में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के सम्मान में खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न रोचक गतिविधियों का आयोजन किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
शिक्षक दिवस समारोह में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया। छात्रों की ओर से तैयार कार्यक्रम में नृत्य, गीत, मिमिक्री और खेल गतिविधियां आयोजित की गईं। शिक्षकों ने भी रैंप वॉक सहित विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया।

प्रो वाइस प्रेसिडेंट डॉ. पवन त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षक दिवस को अपने छात्र जीवन से जोड़ा। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक के जीवन में विद्यार्थियों से मिलने वाले सम्मान का विशेष महत्व होता है। शिक्षक विद्यार्थियों को शिक्षा देने के साथ उनके भविष्य निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षकों के लिए हाथ से बनाए गए टैग और बुकमार्क तैयार किए और उन्हें भेंट कर शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों और गतिविधियों ने समारोह को उत्साहपूर्ण बनाया।
इसी क्रम में नर्मदा देवी सिंघानिया इंटरनेशनल स्कूल में भी शिक्षक दिवस मनाया गया। स्कूली विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति अपना सम्मान और स्नेह व्यक्त किया। इस दौरान प्रेम भोज का भी आयोजन किया गया।

विश्वविद्यालय और स्कूल में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने शिक्षकों के योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और गतिविधियों के साथ शिक्षक दिवस समारोह का समापन हुआ।
Editor: शिवानी राजपूत



