Jalandhar News | ट्रक से टकराई बाइक, 3 युवकों की मौत : गोरायां ओवरब्रिज के पास हादसा | एक बाइक पर सवार थे तीनों

जालंधर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर गोरायां ओवरब्रिज के पास देर रात एक बाइक आगे चल रहे पार्सल ट्रक से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। दुर्घटना रात करीब साढ़े तीन बजे हुई। हादसे के बाद सड़क सुरक्षा फोर्स और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा तीनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार तीनों युवक स्प्लेंडर बाइक पर जालंधर से लुधियाना की तरफ जा रहे थे। गोरायां ओवरब्रिज के पास उनकी बाइक आगे चल रहे डाक पार्सल ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक ट्रक के नीचे फंस गई। दुर्घटना के सही कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

शुरुआती तौर पर ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने सहित विभिन्न संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
हादसे की सूचना रात में कंट्रोल रूम 112 को दी गई। इसके बाद सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तीनों युवकों को 108 एंबुलेंस की मदद से फिल्लौर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के कारण बाइक ट्रक के नीचे काफी अंदर तक फंस गई थी। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए मौके पर हाइड्रा की मदद ली गई। बाद में बाइक और ट्रक को हाईवे से हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद गोरायां थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में तीनों शवों को सिविल अस्पताल फिल्लौर भिजवाया गया। पुलिस ने युवकों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया शुरू की।

पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त स्प्लेंडर बाइक का नंबर PB-10KB-1280 है, जो लुधियाना आरटीओ से संबंधित बताया गया है। शुरुआती जांच में दो युवकों की पहचान लुधियाना के राधास्वामी रोड निवासी साहिल पुत्र जयकरण और जितेंद्र कुमार पुत्र हरि नंदन के रूप में हुई है। तीसरे युवक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
पुलिस को युवकों के पास से मोबाइल फोन मिले हैं। इन्हें जांच अधिकारी एएसआई बावा सिंह को सौंपा गया है। पुलिस मोबाइल फोन और अन्य उपलब्ध जानकारियों की मदद से तीसरे युवक की पहचान करने और मृतकों के परिवारों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
प्राथमिक जांच में तीनों युवकों के लुधियाना में रहकर किसी फैक्ट्री में काम करने और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने की संभावना जताई गई है। हालांकि पुलिस की ओर से पहचान और अन्य जानकारियों की पुष्टि की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस के मुताबिक हादसे में शामिल पार्सल ट्रक महाराष्ट्र नंबर का है। बाइक और ट्रक दोनों जालंधर से लुधियाना की दिशा में जा रहे थे। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके पर नहीं मिला। पुलिस चालक की तलाश करने के साथ पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
Editor: गरिमा बागोतिया



