Rohtak News | पत्नी के मायके जाने पर व्यक्ति ने लगाया फंदा : रोहतक में पड़ोसियों ने लटका देखा शव | पारिवारिक कलह की बात आई सामने

जिले के गांव भाली आनंदपुर में 38 वर्षीय व्यक्ति ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान गांव निवासी सुरेश पुत्र महेंद्र के रूप में हुई है। घटना की जानकारी आसपास के लोगों को मिलने के बाद बहुअकबरपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए डेड हाउस भेज दिया।
जानकारी के अनुसार सुरेश मजदूरी का काम करता था और उसके दो बच्चे हैं। बताया गया है कि वह शराब पीने का आदी था। शराब पीने को लेकर उसका पत्नी के साथ अक्सर विवाद होता था। इसी पारिवारिक कलह के चलते उसकी पत्नी अपने मायके गई हुई थी।

इसके बाद सुरेश ने घर में आत्महत्या कर ली। घटना का पता पड़ोस के लोगों को चला तो उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही बहुअकबरपुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी में शराब के सेवन और पत्नी के साथ चल रहे विवाद को घटना से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि आत्महत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या रहे, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।
बहुअकबरपुर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डेड हाउस भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
Editor: शिवानी राजपूत



