Jhunjhunu News | मेहाड़ा में गोगाजी का तीन दिवसीय मेला कल से : दो दिन होगा कुश्ती दंगल | तैयारियां पूरी

मेहाड़ा। स्थित गोगाजी धाम में तीन दिवसीय वार्षिक मेले का आयोजन शनिवार से सोमवार तक किया जाएगा। मेले का शुभारंभ शनिवार सुबह अखंड ज्योत प्रज्ज्वलन के साथ होगा। मेले में आसपास के गांवों के साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
गोगाजी धाम के भगत सूबेदार अशोक कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित की जाएगी। इसके साथ ही जात-जडुलों का भी शुभारंभ होगा। तीन दिनों तक चलने वाले मेले में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ कुश्ती दंगल और मनोरंजन की विभिन्न गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

प्रशासक मेहाड़ा जाटूवास रोहिताश सैनी और प्रशासक नांगलिया गुर्जरवास प्रकाश चंद अवाना ने बताया कि मेले के पहले दिन शनिवार को ग्राम पंचायत नांगलिया गुर्जरवास के सौजन्य से दोपहर 2 बजे इनामी कुश्ती दंगल शुरू होगा। इसमें 100 रुपए से लेकर 1 लाख 21 हजार रुपए तक की इनामी कुश्तियां होंगी।
रविवार को ग्राम पंचायत मेहाड़ा जाटूवास के सौजन्य से दोपहर 2 बजे से दूसरे दिन का इनामी कुश्ती दंगल आयोजित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार दोनों दिन क्षेत्र के साथ आसपास के जिलों से भी पहलवानों के पहुंचने की उम्मीद है।
नवयुवक मंडल अध्यक्ष नरेंद्र गहलावत ने बताया कि मेले में सैकड़ों दुकानें लगाई जा रही हैं। इसके अलावा विभिन्न प्रकार के झूले, सर्कस और अन्य मनोरंजन के साधन भी लगाए जा रहे हैं। अधिकांश तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ग्राम पंचायत की ओर से बिजली और पानी की व्यवस्था की गई है। तीनों दिन नवयुवक मंडल के कार्यकर्ता मेला समिति और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर व्यवस्थाएं संभालेंगे। सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर भी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
Editor: नितिन यादव



