Alwar News | नगर निगम चुनाव के बीच वार्ड 43 में मारपीट : दो युवक घायल | भाजपा प्रत्याशी पर लगाया आरोप
नगर निगम चुनाव के लिए मतदान के बीच वार्ड नंबर 43 के सूर्य नगर इलाके में दो युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घायल युवकों ने भाजपा प्रत्याशी जगदीश अटल और उनके समर्थकों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए राजीव गांधी सामान्य अस्पताल ले जाया गया।
घायल लोकेश ने बताया कि वह अपने साथी मोहित के साथ वार्ड नंबर 43 में निर्दलीय प्रत्याशी अजय बीरबल की ओर से मतदान प्रक्रिया देखने गया था। उसका आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और उनके साथ मारपीट की। लोकेश ने भाजपा प्रत्याशी जगदीश अटल और उनके समर्थकों पर हमला करने का आरोप लगाया है।

घटना में लोकेश और मोहित दोनों को चोटें आई हैं। पीड़ित पक्ष के मुताबिक लोकेश के सिर में चोट लगने के बाद अस्पताल में करीब 15 टांके लगाए गए, जबकि मोहित के चेहरे पर चोट आई है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

मोहित ने भी आरोप लगाया कि उनके साथ अचानक मारपीट की गई। पीड़ितों ने कहा कि उपचार के बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी जाएगी। आरोपों पर भाजपा प्रत्याशी जगदीश अटल या उनके पक्ष की प्रतिक्रिया खबर लिखे जाने तक सामने नहीं आई थी।

घटना के बाद मतदान केंद्र के बाहर कुछ लोगों ने विरोध जताया और भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ नारेबाजी की। मतदान के बीच हुई इस घटना के बाद वार्ड में चुनावी माहौल गरमा गया। मामले में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
Editor: शिवानी राजपूत



