Kanina News | मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक : एसडीएम ने साझा किए प्रपत्र | दावे-आपत्तियों और नोटिस प्रक्रिया की समीक्षा

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत 68-अटेली विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य चल रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम कनीना की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बूथ स्तर के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान एसडीएम डॉ. जितेंद्र सिंह ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बूथ स्तर के अधिकारियों के साथ मतदाता सूची से संबंधित प्रपत्र संख्या 9, 10, 11, 11ए और 11बी साझा किए। उन्होंने इन प्रपत्रों पर अब तक प्रशासन की ओर से की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी।

बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण से संबंधित क्षेत्र से प्राप्त दावों, आपत्तियों और नोटिस चरण की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के बीच प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी साझा की गई।
एसडीएम डॉ. जितेंद्र सिंह ने मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में राजनीतिक दलों की ओर से दिए जा रहे सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए आगे भी सभी राजनीतिक दल इसी तरह सहयोग करते रहें।
Editor: गरिमा बागोतिया



