Narnaul News | भूमि विवाद में दबंगई और जबरन कब्जे पर सख्ती : एसपी दीपक कुमार ने किया अलर्ट | कानूनसम्मत प्रक्रिया अपनाने की अपील

भूमि संबंधी विवादों को लेकर महेंद्रगढ़ पुलिस ने आमजन को कानूनसम्मत प्रक्रिया अपनाने की सलाह दी है। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने स्पष्ट किया कि जमीन की पैमाइश, सीमांकन, हिस्सेदारी, मालिकाना हक और राजस्व रिकॉर्ड से जुड़े मामलों का समाधान निर्धारित कानूनी एवं राजस्व प्रक्रिया के तहत ही कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद की आड़ में दबंगई, धमकी, बल प्रयोग या जबरन कब्जे का प्रयास किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि भूमि के स्वामित्व, सीमांकन और अन्य राजस्व या दीवानी प्रकृति के मामलों में फैसला संबंधित राजस्व विभाग या सक्षम न्यायालय द्वारा किया जाता है। ऐसे मामलों में किसी व्यक्ति या पक्ष को स्वयं फैसला लेने या दूसरे पक्ष पर दबाव बनाने का अधिकार नहीं है।
उन्होंने कहा कि जमीन से जुड़ा विवाद होने पर संबंधित व्यक्ति सबसे पहले राजस्व विभाग के पटवारी, कानूनगो या तहसीलदार से संपर्क कर सकता है। जमीन से संबंधित दस्तावेजों के साथ लिखित शिकायत या आवेदन देकर नियमानुसार कार्रवाई कराई जा सकती है। जरूरत पड़ने पर राजस्व विभाग रिकॉर्ड की जांच, जमीन की पैमाइश और निशानदेही की प्रक्रिया अपनाता है।
मालिकाना हक अथवा अन्य दीवानी अधिकारों को लेकर विवाद होने की स्थिति में सक्षम न्यायालय के आदेश के अनुसार ही अधिकार निर्धारित किए जाते हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ऐसे मामलों में लोगों को कानूनी प्रक्रिया का सहारा लेना चाहिए और विवाद को आपसी टकराव में बदलने से बचना चाहिए।
दीपक कुमार ने स्पष्ट किया कि पुलिस का काम किसी पक्ष के भूमि स्वामित्व का फैसला करना नहीं है। पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आपराधिक गतिविधियों पर कार्रवाई करती है। यदि भूमि विवाद के दौरान कोई व्यक्ति जबरन हस्तक्षेप करता है, धमकी देता है, हिंसा करता है, रंगदारी मांगता है या बलपूर्वक कब्जा करने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि भूमि विवाद में दबंगई और धमकी के लिए कोई जगह नहीं है। किसी विवाद का फायदा उठाकर शांति भंग करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के साथ नरमी नहीं बरती जाएगी। शिकायत मिलने पर पुलिस तथ्यों की जांच करेगी और अपराध पाए जाने पर मामला दर्ज करने से लेकर गिरफ्तारी तक आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
महेंद्रगढ़ पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी भूमि विवाद को लेकर खुद कानून हाथ में न लें। किसी व्यक्ति के उकसावे में आकर मारपीट, धमकी या जबरदस्ती जैसी स्थिति पैदा करने से बचें। राजस्व और दीवानी मामलों के लिए संबंधित कानूनी मंच का सहारा लेने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने यह भी कहा कि यदि भूमि विवाद की आड़ में कोई व्यक्ति धमकी देता है, जबरदस्ती करता है, रंगदारी मांगता है या आपराधिक दबाव बनाता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए। नागरिक संबंधित थाना प्रभारी से संपर्क करने के अलावा आपातकालीन सहायता नंबर 112 पर भी सूचना दे सकते हैं।
महेंद्रगढ़ पुलिस ने भरोसा दिलाया कि कानून के अनुसार शिकायत करने वाले नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस तत्पर है। पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की कि भूमि संबंधी विवादों का समाधान कानून और निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से ही कराएं, ताकि विवाद को गंभीर रूप लेने से रोका जा सके।
Editor: शिवानी राजपूत



