Ateli News | दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने और धमकी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार : घर में तोड़फोड़ का भी आरोप | दो घंटे में पुलिस ने किया काबू

थाना अटेली पुलिस ने दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने, जान से मारने की धमकी देने और घर में तोड़फोड़ के मामले में शिकायत मिलने के करीब दो घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामलखन और सत्यवीर, दोनों निवासी ताजपुर, थाना अटेली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और दो लोहे की नल्कियां बरामद की हैं।
डीएसपी डॉ. कविता के अनुसार थाना अटेली में 12 सितंबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता इंद्रजीत निवासी ताजपुर और पूर्व सरपंच ने आरोप लगाया कि 7 सितंबर की सुबह करीब 10:17 बजे उसके मोबाइल फोन पर व्हाट्सऐप कॉल के माध्यम से सत्यवीर ने दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी। शिकायत के अनुसार रुपये नहीं देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई।

शिकायतकर्ता के अनुसार इसके बाद सत्यवीर, विकास, रामलखन और दो-तीन अन्य साथियों ने कथित तौर पर लगातार फोन और व्हाट्सऐप कॉल कर दो लाख रुपये देने का दबाव बनाया तथा धमकियां दीं।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि 12 सितंबर की शाम करीब 5 बजे रामलखन और सत्यवीर घर पहुंचे। दोनों ने कथित तौर पर दो लाख रुपये की मांग करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के मुताबिक इस दौरान घर में तोड़फोड़ भी की गई, जिसमें दरवाजे, शीशे, लकड़ी का सामान, फ्रिज, कूलर और खिड़की आदि क्षतिग्रस्त हुए। इसके बाद शिकायतकर्ता के परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार शिकायत मिलने के करीब दो घंटे के भीतर दोनों आरोपियों रामलखन और सत्यवीर को गांव ताजपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों से एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और दो लोहे की नल्कियां बरामद करने की जानकारी दी है।
पुलिस जांच के अनुसार सत्यवीर के खिलाफ पहले से पांच मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या, शस्त्र अधिनियम, धोखाधड़ी और मारपीट से संबंधित मामले शामिल हैं। वहीं रामलखन के खिलाफ छह मामले दर्ज बताए गए हैं, जिनमें हत्या, मारपीट, चोरी, रंगदारी और तोड़फोड़ से संबंधित मामले शामिल हैं।
दोनों आरोपियों को 13 सितंबर 2026 को अदालत में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर दोनों को न्यायिक हिरासत में जिला जेल नसीबपुर भेज दिया गया।
मामले में नामजद आरोपी विकास सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले की जांच और आगामी कार्रवाई नियमानुसार जारी है।
महेंद्रगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि रंगदारी अथवा फिरौती मांगने, धमकी देने या किसी आपराधिक घटना की जानकारी मिलने पर बिना भय या संकोच के तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना नजदीकी थाना या चौकी अथवा डायल 112 पर दी जा सकती है।
Editor: गरिमा बागोतिया



