Yamunanagar News | सेवा संकल्प से संवरेगा शहर : हटेंगे अवैध होर्डिंग | मुख्य मार्ग व चौक होंगे चकाचक

नगर निगम द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। एक माह तक चलने वाले इस अभियान के तहत शहर में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, जनसेवा और जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के दौरान मुख्य मार्गों, चौकों और विभिन्न वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाने के साथ अवैध होर्डिंग हटाने, चौकों पर नाम के बोर्ड लगाने और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने पर जोर दिया जाएगा।
सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने मंगलवार को निगम अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने अधिकारियों की ड्यूटियां निर्धारित करते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अभियान के दौरान शहर के सभी मुख्य मार्गों से अवैध होर्डिंग हटाए जाएं तथा चौकों पर उनके नाम के बोर्ड लगाए जाएं। इसके अलावा मार्गों से सीएंडडी वेस्ट, ग्रीन वेस्ट, मिट्टी और अन्य गंदगी को साफ करवाने के निर्देश दिए गए।

नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शहर को साफ, सुंदर, स्वच्छ और हरा-भरा बनाने में सभी की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्वच्छता और सेग्रीगेशन के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए टीमें तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा और जनकल्याण से जोड़ने का माध्यम बनेगा।
अभियान के तहत रक्तदान शिविर, वृद्धाश्रम भ्रमण, पौधारोपण, स्वच्छता ही सेवा अभियान, स्वास्थ्य जांच शिविर, डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति, योग तथा रिवर फ्रंट की सफाई एवं सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयुक्त ने अधिकारियों को प्रत्येक गतिविधि की जिम्मेदारी निर्धारित समय पर पूरी करने और उसका उचित दस्तावेजीकरण करने के निर्देश भी दिए। साथ ही उन्होंने शहरवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को वार्ड दो में स्वच्छता ही सेवा अभियान से होगी। इस दौरान वार्ड दो में विशेष सफाई अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। 18 सितंबर को जगाधरी नगर निगम कार्यालय में रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। इसके बाद 21 सितंबर को रादौर नगर पालिका और 22 सितंबर को साढ़ौरा नगर पालिका में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
24 सितंबर को वृद्धाश्रम भ्रमण, 25 सितंबर को कैल कचरा प्लांट में पौधारोपण तथा 28 सितंबर को रादौर और साढ़ौरा में पौधारोपण कार्यक्रम होंगे। 30 सितंबर को नेहरू पार्क में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। 5 अक्टूबर को सेक्टर-17 के सामुदायिक केंद्र में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा। 7 अक्टूबर को डिजिटल साक्षरता और 8 अक्टूबर को साइबर सुरक्षा से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

9 अक्टूबर को योग कार्यक्रम होगा। 12 और 13 अक्टूबर को नशामुक्ति अभियान चलाया जाएगा। वहीं 14 से 16 अक्टूबर तक रिवर फ्रंट की सफाई एवं सौंदर्यीकरण के कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। 17 अक्टूबर को स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत शहर के सभी मुख्य मार्गों की विशेष सफाई की जाएगी।
बैठक में अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार, कार्यकारी अधिकारी जरनैल सिंह, कार्यकारी अभियंता विकास धीमान, हरीश कुमार, मनदेव कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह, विनोद बेनीवाल, गोविंद शर्मा, अमित कांबोज, क्षेत्रीय कराधान अधिकारी अजय वालिया, जितेंद्र मल्होत्रा, रघुबीर सिंह, सहायक अभियंता मुनेश्वर भारद्वाज, मृणाल जायसवाल, सुरेंद्र दहिया और राजेश शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Editor: सचिन शर्मा



