Kurukshetra News | 100 गांवों में लगेंगे सेवा संकल्प शिविर : 17 सितंबर को हर परिवार से ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर देशभर में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ में नवीन जिन्दल फाउंडेशन भी भागीदारी करेगा। कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में फाउंडेशन की ओर से 100 गांवों में सेवा संकल्प शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, स्किल प्रशिक्षण और सेवा संकल्प को लेकर लोगों से सीधा संवाद किया जाएगा।
सांसद नवीन जिन्दल ने अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक जीवन की यात्रा जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प को समर्पित रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर आयोजित किया जा रहा सेवा संकल्प अभियान समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने और सेवा को जनभागीदारी से जोड़ने का अवसर है।
उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प शिविरों के दौरान कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही छात्रवृत्ति, स्किल प्रशिक्षण और अन्य सुविधाओं के लिए पंजीकरण भी किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को विभिन्न सेवाओं और योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
सांसद नवीन जिन्दल ने कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के प्रत्येक परिवार से 17 सितंबर को शाम 6 बजे से 7 बजे तक अपने घर में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ-साथ ‘विकसित भारत’ के संकल्प में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
Editor: शिवानी राजपूत



