Yamunanagar News | 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान : हर घर जलाएंगे आशीर्वाद का दीया | 30 दिन में मोतियाबिंद मुक्त हरियाणा का संकल्प

भाजपा जिला यमुनानगर की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। भाजपा जिला कार्यालय यमुना कमल में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा हरियाणा के मुख्य प्रवक्ता डॉ. संजय शर्मा ने अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत सेवा, जनकल्याण और जरूरतमंद लोगों की सहायता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता डॉ. संजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के विशेष अवसर पर इस बार सेवा दिवस के कार्यक्रमों को केवल एक दिन तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि पूरे एक माह तक व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा प्रदेश सरकार और भाजपा आमजन के साथ समन्वय करते हुए सामाजिक, धार्मिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित करेगी।

डॉ. संजय शर्मा ने बताया कि 17 सितंबर को शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत प्रदेशभर की प्रत्येक विधानसभा में घर-घर दीप जलाए जाएंगे। उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के जरूरतमंद वर्ग तक पहुंचना और लोगों को सेवा एवं योगदान की भावना से जोड़ना है।
अभियान के दौरान ‘मेरे सपनों का भारत’ के तहत स्कूलों में बच्चों के लिए ड्राइंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ‘सेवा की कहानी’ अभियान के माध्यम से नुक्कड़ नाटकों द्वारा सेवा कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा विकसित भारत का संकल्प’ के तहत विभिन्न गांवों और क्षेत्रों में सेवा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ‘आंगन मिलन उत्सव’ के तहत प्रदेश के 19,365 आंगनवाड़ी केंद्रों पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा दीदियों का सार्वजनिक अभिनंदन किया जाएगा। ‘कहानी बदलाव की’ अभियान के माध्यम से पिछले 12 वर्षों में लोगों के जीवन में आए बदलावों की कहानियां प्रत्येक शक्ति केंद्र तक पहुंचाई जाएंगी। वहीं ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के तहत विकास कार्यों और उनके प्रभाव की जानकारी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के माध्यम से लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

डॉ. संजय शर्मा ने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के माध्यम से आम नागरिकों को समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके तहत 25 प्रकार के सेवा कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनमें वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वच्छता अभियान, जरूरतमंदों की सहायता और बच्चों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना शामिल है। गंदगी और जलभराव वाले स्थानों को चिन्हित कर विशेष स्वच्छता महाभियान चलाकर उनका कायाकल्प किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 30 दिवसीय सेवा संकल्प अभियान के दौरान हरियाणा को मोतियाबिंद मुक्त बनाने का संकल्प भी लिया गया है। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच जनभागीदारी के माध्यम से लोगों से कम से कम एक सेवा कार्य करने का आह्वान किया गया है। प्रत्येक विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर एक सप्ताह के लिए ‘सेवा सेतु’ विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से पात्र लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहायता की जाएगी।
अभियान के तहत ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम में सार्वजनिक स्थानों पर रंगोलियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और विकसित भारत के संदेश को प्रदर्शित किया जाएगा। विद्यार्थियों और युवाओं को सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी एवं नवाचार से जोड़ने के लिए क्षेत्रीय स्तर पर ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा चार प्रमुख शहरों में ‘सुशासन सेवा संवाद’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पंचायत से लेकर संसद तक के जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा, प्रदेश सचिव मदन चौहान, जिला महामंत्री नरेंद्र राणा, जिला मीडिया प्रभारी कपिल मनीष गर्ग, भाजपा नेता शशि दुरैजा, सोशल मीडिया प्रभारी विपिन साहनी और अशोक कुमार मौजूद रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प है। भाजपा प्रदेश सचिव मदन चौहान ने अभियान को जनभागीदारी का अभियान बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग की इसमें सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
Editor: गरिमा बागोतिया



