Yamunanagar News | MLN कॉलेज में 54वां रक्तदान मेला आयोजित : 368 यूनिट रक्त एकत्रित | युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया भाग

मुकंद लाल नेशनल (MLN) महाविद्यालय में शुक्रवार को 54वें रक्तदान मेले का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के संस्थापक सेठ जय प्रकाश की जयंती पर हर वर्ष 5 सितंबर को आयोजित होने वाले इस रक्तदान मेले में विद्यार्थियों, पूर्व विद्यार्थियों, शिक्षकों, प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों और शहर के लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। शिविर में कुल 368 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
रक्तदान मेले का उद्देश्य समाज में रक्त की जरूरत को पूरा करने में सहयोग देना और युवाओं को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना रहा। आयोजन को लेकर कॉलेज परिसर को सजाया गया और विभिन्न स्थानों पर रक्तदान के प्रति जागरूक करने वाले स्लोगन एवं चित्र प्रदर्शनी लगाई गई।

रक्तदान शिविर को सफल बनाने में एनएसएस स्वयंसेवकों, एनसीसी कैडेट्स, रेडक्रॉस और महाविद्यालय के विभिन्न क्लबों एवं प्रकोष्ठों के विद्यार्थियों ने सहयोग किया। रक्तदान मेले से पहले करीब एक पखवाड़े तक विभिन्न विभागों, क्लबों और इकाइयों की ओर से जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। एक दिन पहले जागरूकता रैली निकालकर आसपास के लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय प्रबंधक समिति के चेयरमैन सेठ अशोक कुमार ने की। प्रबंधक समिति के महासचिव डॉ. रमेश कुमार भी उपस्थित रहे। प्राचार्य डॉ. मनोहर गोयल और महाविद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया।

पांच सितंबर को शिक्षक दिवस होने के कारण विद्यार्थियों ने इस आयोजन को अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान से भी जोड़ा। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने रक्तदान में भाग लेकर सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों, पूर्व विद्यार्थियों, शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों और अन्य स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने भी रक्तदान किया।
शिविर में पीजीआई चंडीगढ़ और जिला रेडक्रॉस की टीमों ने सहयोग किया। चिकित्सकों की निगरानी में रक्त संग्रह किया गया। रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र, अल्पाहार और छात्र बैग प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में नियमित रूप से रक्तदान करने वाले सुशील ढल, अश्वनी कोच्छर, पवन कुमार, सुधीर वैद्य और रवि डाबर सहित अन्य रक्तदाता भी मौजूद रहे। कॉलेज प्रशासन ने उन्हें युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
इस अवसर पर डॉ. आरके गर्ग, डॉ. अनिल बुद्धिराजा, पूर्व प्राचार्य डॉ. शैलेश कपूर, डॉ. ऋतु कुमार, डॉ. अनिल धवन, डॉ. एसके गर्ग, डॉ. विवेक शर्मा, डॉ. अविनाश जैन, सुचिता सागर, ओपी बाठला, सतपाल कौशिक, एसके नरूला, डॉ. सरिता भंडारी, राकेश शर्मा, सतपाल ओबराय और कालका प्रसाद सहित विद्यार्थी, शिक्षक और स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। अंत में प्राचार्य डॉ. मनोहर गोयल ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया।
Editor: शिवानी राजपूत



