Yamunanagar News | सेवा संकल्प अभियान को लेकर CM सैनी ने की बैठक : 25 सेवा गतिविधियां होंगी आयोजित

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान को लेकर प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने अभियान के तहत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा, विकास एवं पंचायत और खान एवं भूविज्ञान मंत्री कृष्ण लाल पंवार, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा एवं संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, शहरी स्थानीय निकाय एवं नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल तथा उद्योग एवं वाणिज्य और पर्यावरण, वन एवं वन्य जीव मंत्री राव नरबीर सिंह सहित अन्य मंत्री शामिल हुए।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘नमते सेवा गाथा’, नुक्कड़ नाटक, विकसित भारत संकल्प यात्रा, विकसित भारत 2047 ज्योति यात्रा, जन-जल एवं सेवा संकल्प यात्रा और ‘सेवा मेरा योगदान’ सहित कुल 25 सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ भी चलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सभी उपायुक्तों को पिछले 12 वर्षों के प्रमुख कार्यों को चिह्नित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें और योजनाओं के पात्र लाभार्थियों तक उनका लाभ पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
यमुनानगर में अतिरिक्त उपायुक्त नवीन कुमार आहूजा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सेवा संकल्प अभियान की तैयारियां उत्साह के साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागों के बीच बेहतर तालमेल और समन्वय होना चाहिए, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी न हो।
बैठक में अभियान से जुड़ी गतिविधियों और विभागीय तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यक्रमों की तैयारी करने और अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त नवीन कुमार आहूजा, जगाधरी एसडीएम विश्वनाथ, रादौर एसडीएम नरेंद्र कुमार, छछरौली एसडीएम जसपाल सिंह गिल, सीटीएम पीयूष गुप्ता, डीएसपी कवलजीत सिंह, डीआरओ तरुण सहोता, डीडीपीओ नरेंद्र सिंह, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, जिला उच्च शिक्षा अधिकारी सुमन भाटिया, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लता, माई भारत यमुनानगर के डिप्टी डायरेक्टर ओंकार स्वामी और एमएसएमई के संयुक्त निदेशक वीपीएस आहलूवालिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor: शिवानी राजपूत



