Yamunanagar News | जन्माष्टमी कार्यक्रमों में पहुंचीं मेयर सुमन बहमनी : श्रीकृष्ण का किया जलाभिषेक | धर्म-कर्म का दिया संदेश

जन्माष्टमी के अवसर पर नगर निगम मेयर सुमन बहमनी ने शहर और आसपास के विभिन्न स्थानों पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में शिरकत की। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर नगरवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान मेयर ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप का जलाभिषेक भी किया।
मेयर सुमन बहमनी सबसे पहले इस्कॉन मंदिर की ओर से सौभाग्य रिसोर्ट में आयोजित जन्माष्टमी कार्यक्रम में पहुंचीं। यहां उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप का जलाभिषेक किया और पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश और नगरवासियों के लिए सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।

इसके बाद मेयर मॉडल टाउन स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर में आयोजित जन्माष्टमी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने रिबन काटकर भगवान श्रीकृष्ण की झांकी का शुभारंभ किया। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर भजन संध्या की शुरुआत की और मंदिर में पूजा-अर्चना की।
मेयर सुमन बहमनी गांव भटली में ब्रह्माकुमारी आश्रम थाना छप्पर की ओर से आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी कार्यक्रम में भी पहुंचीं। यहां उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित झांकियों का अवलोकन किया।

सुमन बहमनी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन प्रेम, करुणा, धर्म और कर्तव्य का संदेश देता है। श्रीमद्भगवद्गीता में दिया गया उनका संदेश जीवन के प्रत्येक मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीकृष्ण ने मनुष्य को फल की चिंता किए बिना अपने कर्म करते रहने की शिक्षा दी है।
उन्होंने कहा कि परिस्थितियां चाहे कैसी भी हों, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलते हुए अपने कर्तव्य का निर्वहन करना ही जीवन की सार्थकता है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से सभी पर कृपा बनाए रखने और समाज में प्रेम, भाईचारा, सद्भाव एवं सकारात्मकता का वातावरण मजबूत होने की कामना की।

कार्यक्रमों में विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा, मंडल अध्यक्ष भवन सागर, मंडल अध्यक्ष शुभम राणा, सनातन धर्म मंदिर के प्रधान सुभाष मेहता सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Editor: शिवानी राजपूत



