Yamunanagar News | रक्तदान से जुड़े भ्रम दूर करने पर जोर : गुरु नानक गर्ल्स कॉलेज में एक्सटेंशन लेक्चर | छात्राओं ने पूछे सवाल

गुरु नानक गर्ल्स कॉलेज की रेड क्रॉस यूनिट की ओर से विद्यार्थियों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कॉलेज परिसर में ‘रक्तदान : भ्रम और सच्चाई’ विषय पर एक्सटेंशन लेक्चर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रक्तदान को लेकर समाज में प्रचलित भ्रांतियों और वास्तविक तथ्यों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज महासचिव मनोरंजन सिंह साहनी, कॉलेज निर्देशिका डॉ. वरिंदर गांधी और प्राचार्या डॉ. सुखविंदर कौर के दिशा-निर्देशन में किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में होम साइंस की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रभजोत कौर ने विद्यार्थियों को रक्तदान के वैज्ञानिक और मानवीय महत्व के बारे में जानकारी दी।
डॉ. प्रभजोत कौर ने कहा कि निर्धारित स्वास्थ्य मानकों और उचित चिकित्सकीय प्रक्रिया के तहत किया गया रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने रक्तदान से जुड़ी विभिन्न भ्रांतियों पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को तथ्यपरक जानकारी रखने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि स्वैच्छिक रक्तदान समाज के प्रति जिम्मेदारी और मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। युवाओं में रक्तदान को लेकर सही जानकारी होने से वे स्वयं जागरूक होने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक कर सकते हैं।
लेक्चर के दौरान विद्यार्थियों ने रक्तदान से संबंधित विभिन्न सवाल भी पूछे। डॉ. प्रभजोत कौर ने उनके सवालों का जवाब देते हुए रक्तदान से पहले स्वास्थ्य संबंधी पात्रता, आवश्यक सावधानियों और इससे जुड़ी सामान्य धारणाओं के बारे में जानकारी दी।
कॉलेज प्राचार्या डॉ. सुखविंदर कौर ने कहा कि रक्तदान जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से रक्तदान के संबंध में सही और वैज्ञानिक जानकारी हासिल करने तथा समाज में इससे जुड़ी गलत धारणाओं को दूर करने में योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी और मानव सेवा की भावना को मजबूत करने में सहायक होते हैं। युवाओं को स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर प्रमाणिक जानकारी प्राप्त करने और उसे समाज तक पहुंचाने के लिए आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। आयोजन के अंत में मुख्य वक्ता डॉ. प्रभजोत कौर का आभार व्यक्त किया गया। रेड क्रॉस यूनिट ने भविष्य में भी विद्यार्थियों को स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर जागरूक करने की दिशा में कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया।
Editor: गरिमा बागोतिया



