Fatehabad News | कार से 114 ग्राम कोकीन बरामद : महिला समेत 3 आरोपी गिरफ्तार | PG में युवाओं तक सप्लाई की जांच
टोहाना सीआईए पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भूना रोड फ्लाईओवर के पास एक कार से महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 114.19 ग्राम कोकीन बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 58 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई कार को भी कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भिवानी जिले के खानक निवासी सोनू, नलवा निवासी रविंद्र शर्मा और नई दिल्ली निवासी निशा के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ थाना शहर फतेहाबाद में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

फतेहाबाद की एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि सीआईए टोहाना प्रभारी अजय कुमार के नेतृत्व में एएसआई जतिंद्र सिंह और उनकी टीम नए बस स्टैंड क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को नशीले पदार्थ की सप्लाई से संबंधित सूचना मिली।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम भूना रोड फ्लाईओवर के नजदीक पहुंची और संदिग्ध कार को रोककर उसमें सवार दो युवकों और एक महिला को हिरासत में लिया। नियमानुसार तलाशी लेने पर पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 114.19 ग्राम कोकीन बरामद की।

पुलिस के अनुसार बरामद कोकीन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 58 लाख रुपये है। पुलिस ने कार को भी जब्त कर लिया है और अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी।
जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि बरामद नशीले पदार्थ की सप्लाई हिसार और फतेहाबाद जिले में की जानी थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि पीजी में रहने वाले युवाओं और विद्यार्थियों तक नशीला पदार्थ पहुंचाने की योजना थी या नहीं। विद्यार्थियों द्वारा कोकीन की मांग किए जाने संबंधी जानकारी फिलहाल पुलिस जांच का हिस्सा है।
एएसपी दिव्यांशी सिंगला के अनुसार गिरफ्तार महिला पिछले करीब 10 से 11 महीने से हिसार के आईटीआई चौक क्षेत्र में रह रही थी। पुलिस इस अवधि के दौरान उसकी गतिविधियों और संपर्क में रहे लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस को महिला के मोबाइल फोन में कुछ अंतरराष्ट्रीय नंबर मिलने की जानकारी भी सामने आई है। इन नंबरों का इस मामले या नशा तस्करी से कोई संबंध है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस मोबाइल फोन और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पुलिस अब तीनों आरोपियों से पूछताछ कर नशीले पदार्थ के स्रोत और संभावित खरीदारों के बारे में जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इससे पहले आरोपियों की ओर से कहां-कहां नशीले पदार्थ की सप्लाई की गई और इस नेटवर्क में अन्य कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
मामले में थाना शहर फतेहाबाद में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21सी/61/85 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Editor: शिवानी राजपूत



