Yamunanagar News | खनन फंड की राशि का जनहित में प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करें : DC प्रीति | प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता

यमुनानगर में उपायुक्त प्रीति ने जिला सचिवालय के सभागार में जिला खनन फंड योजना के तहत खनन क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों से संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को जिला खनन फंड की राशि का उपयोग खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास और आमजन के कल्याण के लिए प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित कार्यों को पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पूरा करवाने के साथ उनकी गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
उपायुक्त प्रीति ने कहा कि जिला खनन फंड की राशि का सीधा लाभ संबंधित क्षेत्रों के लोगों को मिलना चाहिए। इसके तहत खनन प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, अंबेडकर भवन, हैंडपंप, स्कूल की चारदीवारी, कमरा, शौचालय, पर्यावरण संरक्षण, सड़क, गांव की फिरनी, गलियां और अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खनन प्रभावित क्षेत्रों की वास्तविक जरूरतों का आकलन करने के बाद विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार किए जाएं। स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूरा करवाने के साथ-साथ उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। इसके लिए कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और मौके पर निरीक्षण भी किया जाए, ताकि जिला खनन फंड की राशि का सही तरीके से सदुपयोग हो सके।
उपायुक्त ने कहा कि जिला खनन फंड खनन प्रभावित क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि उपलब्ध राशि का पारदर्शी और योजनाबद्ध तरीके से उपयोग करते हुए अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि जिस विभाग को जनहित के कार्य करवाने के लिए जिला खनन फंड के तहत धनराशि की आवश्यकता है, वह कार्य की अनुमानित लागत और विकास कार्य से संबंधित पूरी जानकारी उपलब्ध करवाए, ताकि कार्य को स्वीकृति देकर करवाया जा सके।
बैठक में रादौर तहसील कार्यालय में शौचालय आदि के निर्माण और नवीनीकरण के लिए जिला खनन फंड योजना के तहत 20 लाख रुपये की राशि भी स्वीकृत की गई।
बैठक में जगाधरी के विधायक अकरम खान ने जगाधरी विधानसभा क्षेत्र के पहाड़ी क्षेत्र में आने वाले गांवों में पेयजल की समस्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्र के कुछ गांवों में पीने के पानी की समस्या काफी अधिक है। बरसात के दिनों में बिजली नहीं होने के कारण लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ता है। उन्होंने इन क्षेत्रों में हैंडपंप की व्यवस्था करवाने की मांग की, ताकि लोगों को पेयजल की समस्या से राहत मिल सके।
बैठक में जगाधरी के विधायक अकरम खान, पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल, अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा, जगाधरी के एसडीएम विश्वनाथ, एसडीएम व्यासपुर डॉ. कुलदीप सिंह, एसडीएम छछरौली जसपाल सिंह गिल, एसडीएम रादौर नरेन्द्र कुमार, जिला खनन अधिकारी लोकेन्द्र सिंह, डीडीपीओ नरेन्द्र सिंह, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, संबंधित थानों के प्रभारी, सेल्स टैक्स विभाग, आरटीओ विभाग, पुलिस विभाग के अधिकारियों सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Editor: शिवानी राजपूत



