Kurukshetra News | सफाई कर्मचारियों का विवाद फिर गरमाया : 181 कर्मी नहीं लिए गए ड्यूटी पर | DMC कार्यालय के बाहर धरना शुरू

थानेसर नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म होने के बाद अब जॉइनिंग को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। हड़ताल खत्म कर ड्यूटी पर लौटे कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें दोबारा काम पर नहीं लिया जा रहा। इसी के विरोध में कर्मचारियों ने मंगलवार को न्यू लघु सचिवालय पहुंचकर DMC कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया।
कर्मचारियों का कहना है कि सरकार के साथ समझौते के बाद हड़ताल खत्म की गई थी। इसके बाद कर्मचारी ड्यूटी पर लौटे, लेकिन उन्हें वापस ड्यूटी पर लेने में अड़चन डाली जा रही है। कर्मचारियों ने सवाल उठाया कि जब समझौते के बाद हड़ताल समाप्त कर दी गई थी, तो अब उनकी जॉइनिंग में परेशानी क्यों आ रही है।

मामला सोमवार को उस समय और बढ़ गया, जब DMC अमन कुमार की मौजूदगी में कंपनी इंचार्ज के साथ कर्मचारियों की जॉइनिंग को लेकर बैठक हुई। कर्मचारियों के मुताबिक, बैठक में जॉइनिंग को लेकर सहमति बनी थी। साथ ही टिपर चालकों को वाहनों की चाबियां देने के निर्देश भी दिए गए थे।
कर्मचारियों का आरोप है कि बैठक के बाद कंपनी इंचार्ज मौके पर नहीं पहुंचा। कर्मचारी और टिपर चालक जॉइनिंग के लिए इंतजार करते रहे, लेकिन कंपनी इंचार्ज के नहीं पहुंचने के कारण जॉइनिंग नहीं हो सकी। इसके बाद कर्मचारियों ने मंगलवार को DMC कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया।

कर्मचारी नेताओं के मुताबिक, थानेसर में करीब 91 टिपर ड्राइवर और 90 सफाई कर्मचारी दोबारा ड्यूटी जॉइन करने का इंतजार कर रहे हैं। इसके अलावा पिहोवा और लाडवा में भी कई कर्मचारियों को वापस काम पर नहीं लिए जाने का दावा किया गया है।
कर्मचारी नेता सुनील लोहट ने चेतावनी दी है कि अगर कर्मचारियों को जल्द ड्यूटी पर वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को जिला स्तर से बढ़ाकर पूरे हरियाणा तक ले जाया जाएगा। कर्मचारियों ने साफ कर दिया है कि जब तक उन्हें जॉइनिंग नहीं मिलती, न्यू लघु सचिवालय के बाहर उनका धरना जारी रहेगा।
Editor: शिवानी राजपूत



