Kurukshetra News | सांसद नवीन जिन्दल को मिला ‘गुड फैलो अवार्ड’ : अंतरराष्ट्रीय मंच पर हुआ सम्मान | युवाओं से मेहनत और बड़े लक्ष्य का आह्वान

सांसद एवं उद्योगपति नवीन जिन्दल को वैश्विक आर्थिक और सामाजिक क्षेत्र में उनके योगदान तथा नेतृत्व के लिए प्रतिष्ठित ‘गुड फैलो अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान नई दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान आई ब्रिक्स 2026 के मंच पर सॉवरेन वेल्थ फंड इंस्टीट्यूट की ओर से प्रदान किया गया।
सम्मान मिलने के बाद सांसद नवीन जिन्दल ने ब्रिक्स देशों की वैश्विक अर्थव्यवस्था में बढ़ती भूमिका पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि आने वाले 20 वर्षों में ब्रिक्स देश वैश्विक अर्थव्यवस्था की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उनके अनुसार, भारत के पास इस बदलाव का नेतृत्व करने के लिए आवश्यक क्षमता, प्रतिभा और संसाधन मौजूद हैं।
नवीन जिन्दल ने युवाओं और उद्यमियों को आगे बढ़ने के लिए मेहनत के साथ सही सोच और साहस को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि जीवन और व्यवसाय में सफलता के लिए सोच-समझकर जोखिम लेने का साहस होना चाहिए। युवाओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए लगातार प्रयास करते रहना चाहिए।

उन्होंने युवाओं से पूरी लगन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही बेहतरीन टीम तैयार करने और सामूहिक प्रयास के माध्यम से बड़े लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में काम करने की बात कही।
सांसद नवीन जिन्दल के संसदीय कार्यालय प्रभारी एवं पूर्व आईएएस धर्मवीर सिंह ने भी इस सम्मान पर खुशी जताई। उन्होंने सॉवरेन वेल्थ फंड इंस्टीट्यूट की ओर से सम्मान प्रदान किए जाने पर संस्थान के चेयरमैन लक्ष्मी नारायणन का आभार व्यक्त किया।
धर्मवीर सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर नवीन जिन्दल को मिला यह सम्मान पूरे कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान नवीन जिन्दल के व्यक्तिगत योगदान और नेतृत्व क्षमता के साथ-साथ युवा शक्ति, उद्यमिता, जनकल्याण और विकास की सोच को भी सम्मानित करता है।
उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र के सांसद को अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मान मिलना क्षेत्र के लोगों के लिए गौरव की बात है। उनके अनुसार, इस तरह के सम्मान से कुरुक्षेत्र की पहचान वैश्विक स्तर पर और मजबूत होती है।
Editor: शिवानी राजपूत



