Ambala News | नेपाली समाज का हरितालिका तीज महोत्सव : वीरेश शांडिल्य ने किया शुभारंभ | महिलाओं ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

सेक्टर-8 कम्युनिटी सेंटर में नेपाली समाज की ओर से भव्य हरितालिका तीज महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्व हिंदू तख्त के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेश शांडिल्य मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया।
महोत्सव के दौरान नेपाली समाज की महिलाओं ने पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया। महिलाओं ने तीज पर्व से जुड़ी परंपराओं और लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम में नेपाली समाज के लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

इस अवसर पर विभिन्न अतिथियों और समाजसेवियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। आयोजन में समाज के लोगों ने सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि वीरेश शांडिल्य ने नेपाली समाज के लोगों को हरितालिका तीज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज की सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को जीवंत रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वीरेश शांडिल्य ने नेपाली समाज की ओर से श्री पशुपतिनाथ मंदिर एवं धर्मशाला निर्माण को लेकर किए जा रहे प्रयासों में सहयोग का भरोसा भी दिलाया। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सामाजिक कार्यों में सभी को मिलकर योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान नेपाली समाज के लोगों ने अतिथियों का स्वागत किया। पूरे आयोजन में पारंपरिक संस्कृति, गीत-संगीत और सामाजिक एकजुटता की झलक देखने को मिली।
Editor: शिवानी राजपूत



