Rewari News | ट्यूबवेल चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश : 4 आरोपी गिरफ्तार | 38 से ज्यादा वारदातों का खुलासा
खेतों में लगे ट्यूबवेल और सोलर पैनल की केबल, कॉपर तार व अन्य उपकरण चोरी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का थाना कोसली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने रेवाड़ी, भिवानी, महेंद्रगढ़ और गुरुग्राम जिलों में 38 से अधिक चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपियों से चोरी की कॉपर तार भी बरामद की गई है।
डीएसपी कोसली विद्यानंद ने सोमवार को प्रेस वार्ता में मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गांव जखाला निवासी सुल्तान सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता के अनुसार 23 अगस्त की सुबह उसका बेटा मुंडड़ा रोड स्थित खेत में ट्यूबवेल की मोटर चलाने गया था। वहां पहुंचने पर ट्यूबवेल की कोठड़ी का ताला टूटा हुआ मिला और बिजली की केबल गायब थी।

पुलिस के मुताबिक घटना वाली रात करीब ढाई बजे खेतों में संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर पड़ोसी लक्ष्मण ने सतर्कता दिखाई। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए आरोपी की पहचान अमित शौकीन उर्फ सीटू निवासी छावला, दिल्ली के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब डेढ़ किलोग्राम चोरी की तांबे की तार बरामद करने का दावा किया है। इसके बाद पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश शुरू की।

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने 27 अगस्त को तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान धर्मवीर उर्फ बब्लू निवासी खुर्शीद नगर, सोमबीर शर्मा उर्फ पटवारी निवासी चिड़िया, जिला चरखी दादरी और सतीश निवासी बहु, जिला झज्जर के रूप में हुई है।
तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पुलिस के अनुसार रिमांड के दौरान आरोपियों से खेतों में लगे ट्यूबवेल, सोलर सिस्टम और अन्य कृषि उपकरणों से संबंधित चोरी की वारदातों को लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने खेतों से सोलर केबल, तांबे की तार, स्टार्टर और नोजल सहित अन्य सामान चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक गिरोह रात के समय खेतों में लगे उपकरणों और केबल को निशाना बनाता था।

डीएसपी के अनुसार पूछताछ में अब तक रेवाड़ी, भिवानी, महेंद्रगढ़ और गुरुग्राम जिलों में 38 से अधिक चोरी की वारदातों की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन सभी वारदातों का रिकॉर्ड खंगालकर आरोपियों की कथित संलिप्तता का सत्यापन कर रही है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक रेवाड़ी जिले में सदर थाना क्षेत्र की 10, कोसली थाना क्षेत्र की 7, रोहड़ाई थाना क्षेत्र की 3, जाटूसाना थाना क्षेत्र की 2 और रामपुरा थाना क्षेत्र की 2 वारदातों में आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है। इसके अलावा अन्य जिलों में हुई वारदातों को लेकर भी संबंधित पुलिस रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी धर्मवीर से 1 किलो 490 ग्राम, सोमबीर से 1 किलो 190 ग्राम और सतीश से 1 किलो 400 ग्राम कॉपर तार बरामद करने का दावा किया है। इससे पहले आरोपी अमित के कब्जे से करीब डेढ़ किलोग्राम कॉपर तार बरामद की जा चुकी थी।
पुलिस अब चोरी का सामान आगे खरीदने वालों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। विशेष रूप से कबाड़ियों और गिरोह के संपर्क में रहे अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही आरोपियों से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोरी के बाद सोलर केबल, कॉपर तार और अन्य उपकरणों को कहां और किसके माध्यम से बेचा जाता था। पुलिस को उम्मीद है कि आगे की जांच में चोरी की अन्य वारदातों और सामान की बरामदगी से संबंधित जानकारी सामने आ सकती है।
डीएसपी विद्यानंद ने मामले में थाना कोसली प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार और जांच अधिकारी पीएसआई सुरेंद्र सहित पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना की। पुलिस का कहना है कि खेतों में ट्यूबवेल और सोलर उपकरणों को निशाना बनाने वाले गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।



