Bhiwani News | लाडली योजना की राशि में देरी पर अकाउंटेंट चार्जशीट : डेढ़ महीने की देरी पर DC सख्त | 12 में से 8 परिवाद निपटाए
जिला लोक एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में जन शिकायतों के निपटारे में लापरवाही पर डीसी साहिल गुप्ता ने सख्त रुख अपनाया। लाडली योजना की परिपक्वता राशि के भुगतान में करीब एक से डेढ़ महीने की देरी सामने आने पर संबंधित विभाग के अकाउंटेंट के खिलाफ चार्जशीट की कार्रवाई की गई। बैठक में कुल 12 परिवाद रखे गए, जिनमें से 8 का निपटारा कर दिया गया, जबकि 4 मामलों को जांच और रिपोर्ट के लिए लंबित रखा गया।
भिवानी के पंचायत भवन में आयोजित बैठक में 8 नए और 4 पुराने परिवादों पर सुनवाई हुई। अधिकारियों ने शिकायतों से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत की। सुनवाई के बाद 8 मामलों का समाधान किया गया और शेष चार मामलों में संबंधित अधिकारियों को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।

बैठक में गांव बडेसरा निवासी सपना पुत्री अनिल कुमार की शिकायत भी रखी गई। मामला महिला एवं बाल विकास विभाग की लाडली योजना की परिपक्वता राशि के भुगतान से संबंधित था। शिकायतकर्ता की ओर से योजना के तहत मिलने वाली राशि का भुगतान लंबित होने की शिकायत की गई थी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग की रिपोर्ट के अनुसार लाडली योजना की परिपक्वता राशि का बजट 10 अगस्त 2026 को संबंधित परियोजना अधिकारी को जारी कर दिया गया था। कुल 75 लाख 83 हजार 356 रुपये 88 पैसे की राशि जारी की गई थी, जिसमें भिवानी ग्रामीण प्रथम क्षेत्र के 81 लाभार्थी शामिल थे।
संबंधित परियोजना अधिकारी की ओर से शिकायतकर्ता सपना को नियमानुसार देय राशि का भुगतान कष्ट निवारण समिति की बैठक शुरू होने से पहले उसके खाते में कर दिया गया। हालांकि भुगतान में हुई करीब एक से डेढ़ महीने की देरी को डीसी साहिल गुप्ता ने गंभीरता से लिया और इसके लिए जिम्मेदार संबंधित अकाउंटेंट के खिलाफ चार्जशीट की कार्रवाई की गई।

डीसी साहिल गुप्ता ने बताया कि संबंधित अकाउंटेंट पीओ, आईसीडीएस विभाग से था और 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके लाभार्थियों की राशि वितरित करने में करीब एक से डेढ़ महीने की देरी हुई थी। इसी आधार पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
डीसी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जन शिकायतों के समाधान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को समय-समय पर शिकायतों और सरकारी कार्यों का निर्धारित समय में निपटारा करने के निर्देश दिए जाते हैं। इसके बावजूद किसी स्तर पर लापरवाही या देरी सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में ड्रेन खोदने से संबंधित एक मामले की भी सुनवाई हुई। डीसी के अनुसार कुछ लोग विभाग की कार्रवाई से सहमत हैं, जबकि कुछ ने असहमति जताई है। मामले की जांच डीएमसी को सौंपते हुए अगली बैठक से पहले रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। सेक्टर-13 से जुड़े एक अन्य मामले में संबंधित एक्सईएन को तत्काल एस्टीमेट तैयार कर मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए गए।
शहर की सफाई व्यवस्था पर भी बैठक में चर्चा हुई। डीसी ने बताया कि पिछले एक सप्ताह के दौरान शहर में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया है। कई कचरा प्वाइंट और जीवीपी की सफाई करवाई गई है। जिन स्थानों पर अभी भी गंदगी है, वहां सफाई करवाने के साथ डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन दोबारा शुरू करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
शहर में मच्छर-मक्खियों की समस्या को देखते हुए फॉगिंग को लेकर भी डीएमसी और सीएमओ कार्यालय को निर्देश दिए गए। डीसी साहिल गुप्ता ने दोनों विभागों को फॉगिंग अभियान लगातार जारी रखने के लिए कहा। बैठक में अधिकारियों को लंबित शिकायतों का समय पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।



