Rewari News | पुलिस लाइन में 24 आधुनिक फ्लैट्स का उद्घाटन : ADGP डॉ. सीएस राव ने दी सौगात | GO रेजिडेंस भी हुआ शुरू
जिला पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के लिए आवासीय सुविधाओं का विस्तार किया गया है। होम गार्ड्स एवं सिविल डिफेंस के कमांडेंट जनरल एडीजीपी डॉ. सीएस राव ने नवनिर्मित बहुमंजिला आवासीय टावर में तैयार 24 फ्लैट्स और राजपत्रित अधिकारियों के लिए बनाए गए 'GO रेजिडेंस' का उद्घाटन किया। इस दौरान साउथ रेंज के आईजी ओम प्रकाश नरवाल और पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा भी मौजूद रहे।
रेवाड़ी पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में एडीजीपी डॉ. सीएस राव मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। साउथ रेंज आईजी ओम प्रकाश नरवाल विशेष अतिथि रहे। एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद एडीजीपी ने नवनिर्मित आवासीय परिसर का उद्घाटन किया।

हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन की ओर से तैयार किए गए बहुमंजिला आवासीय टावर में कुल 24 फ्लैट्स बनाए गए हैं। इनमें पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के लिए लिफ्ट, फायर फाइटिंग सिस्टम, पार्किंग तथा बिजली-पानी सहित विभिन्न सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

इसके अलावा राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के लिए 'GO रेजिडेंस' तैयार किया गया है। उद्घाटन के बाद एडीजीपी डॉ. सीएस राव और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने नवनिर्मित आवासीय परिसरों का निरीक्षण किया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
एडीजीपी डॉ. सीएस राव ने कहा कि पुलिस जवानों और उनके परिवारों का कल्याण विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। बेहतर आवासीय सुविधाओं से पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम में एएसपी दीपिका अग्रवाल, डीएसपी हेडक्वार्टर संजीव बल्हारा, डीएसपी बावल सुरेंद्र श्योराण, डीएसपी ट्रैफिक पवन कुमार, हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के एसई विकास शर्मा और एक्सईएन राजेश कुमार सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Editor: शिवानी राजपूत



