Faridabad News | मोबाइल छीनने के मामले में 3 गिरफ्तार : फोन और मोटरसाइकिल बरामद | आरोपियों को भेजा जेल

फरीदाबाद। मुजेसर थाना क्षेत्र में ड्यूटी से घर लौट रहे व्यक्ति का मोबाइल फोन छीनने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान निखिल निवासी मादलपुर, जॉर्ज निवासी सुरूरपुर और आलोक निवासी सरगती, छपरा बिहार हाल पृथला पलवल के रूप में हुई है। तीनों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार दीनानाथ निवासी गांव चोलखरी उत्तर प्रदेश, हाल बाबा हृदयराम कॉलोनी मुजेसर ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में बताया कि 7 सितंबर की रात वह ड्यूटी से घर लौट रहा था। इसी दौरान मुजेसर क्षेत्र में उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया। शिकायत के आधार पर थाना मुजेसर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के बाद पुलिस ने निखिल, जॉर्ज और आलोक को गिरफ्तार किया। पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक तीनों आरोपी आपस में दोस्त हैं और घटना के समय एक मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया गया था।
पुलिस ने आरोपी जॉर्ज के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन बरामद किया है। वहीं निखिल के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस ने मामले में आवश्यक जांच और कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत के आदेश पर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
Editor: नितिन यादव



