Rewari News | दो साल से पेयजल संकट का आरोप : नारनौल रोड पर लगाया जाम | DSP ने समझाकर खुलवाया रास्ता

लक्ष्मी नगर में पेयजल समस्या से परेशान लोगों का मंगलवार सुबह गुस्सा फूट पड़ा। कॉलोनीवासियों ने जन स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए रेवाड़ी-नारनौल रोड पर जाम लगा दिया। इसके कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 9 बजे लक्ष्मी नगर के लोग नारनौल रोड पर एकत्र हुए और पेयजल समस्या के समाधान की मांग को लेकर सड़क पर बैठ गए। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि उनके क्षेत्र में पिछले करीब दो साल से पेयजल की समस्या बनी हुई है। पर्याप्त पानी नहीं मिलने के कारण लोगों को रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में परेशानी हो रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पेयजल समस्या को लेकर जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है। हर बार जल्द समाधान का आश्वासन मिला, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। इसी से नाराज होकर मंगलवार को लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया।

नारनौल रोड पर जाम लगने के कारण यातायात प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारी जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
बाद में डीएसपी पवन कुमार मौके पर पहुंचे और कॉलोनीवासियों से बातचीत कर उनकी समस्या सुनी।

समझाने के बाद लोगों ने जाम खोल दिया। इसके बाद नारनौल रोड पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो गया।
लक्ष्मी नगर के लोगों ने जन स्वास्थ्य विभाग से पेयजल व्यवस्था में सुधार कर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि लंबे समय से चली आ रही समस्या का जल्द समाधान किया जाना चाहिए, ताकि उन्हें नियमित रूप से पानी मिल सके।
Editor: शिवानी राजपूत



