Nuh News | चोरी मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार : ₹6.15 लाख नकद बरामद | दो आईफोन भी मिले

सिटी थाना पुलिस ने चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आमिर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 6 लाख 15 हजार रुपये नकद, चांदी के सिक्के, दो आईफोन और रिवॉल्वरनुमा लाइटर बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर-8 निवासी नेपाल ने 20 अगस्त को सिटी थाना पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया था कि उसके चौबारे से जेवरात और नकदी चोरी हो गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने वार्ड नंबर-8 नूंह निवासी आमिर को गिरफ्तार किया। मामले में पूछताछ और जांच आगे बढ़ने के बाद पुलिस ने उसके दो सहयोगियों जटिया मोहल्ला नूंह निवासी सागर और फरीदाबाद निवासी दीपक को भी गिरफ्तार किया।
सिटी थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया था। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के सामान और नकदी की बरामदगी की गई।

पुलिस ने कुल 6 लाख 15 हजार रुपये की नकदी, चांदी के सिक्के और दो आईफोन बरामद किए हैं। इसके अलावा एक रिवॉल्वरनुमा लाइटर भी बरामद हुआ है। मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है।
Editor: शिवानी राजपूत



