Rewari News | 9वीं के छात्र से मारपीट का आरोप : होमवर्क को लेकर शिक्षिका पर आरोप | परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत

कोसली क्षेत्र के एक निजी स्कूल में नौवीं कक्षा के छात्र के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि होमवर्क पूरा नहीं होने पर एक महिला शिक्षिका ने छात्र की पिटाई की। घटना के बाद छात्र के हाथ-पैर पर चोट के निशान दिखाई देने का दावा किया गया है। मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है।
परिजनों ने कोसली थाना पुलिस को स्कूल प्रबंधन और संबंधित शिक्षिका के खिलाफ लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। छात्र की मां कोसली क्षेत्र के एक गांव की सरपंच बताई गई हैं।

पुलिस को दी शिकायत के अनुसार छात्र पिछले करीब 15 दिनों से वायरल बुखार के कारण स्कूल नहीं जा रहा था। परिजनों का कहना है कि बीमारी के चलते वह पढ़ाई और होमवर्क पूरा नहीं कर पाया था। सोमवार को स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद छात्र स्कूल पहुंचा था।
परिजनों का आरोप है कि कक्षा में शिक्षिका ने छात्र से होमवर्क दिखाने के लिए कहा। छात्र ने बीमारी के कारण काम पूरा नहीं होने की बात बताई। आरोप है कि इसके बाद शिक्षिका ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसके शरीर पर चोट के निशान आए।

घटना से संबंधित वीडियो में परिजन छात्र के हाथ-पैर पर दिखाई दे रहे चोट के निशान दिखा रहे हैं। हालांकि ये चोटें किन परिस्थितियों में लगीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
परिजनों ने मामले में कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। उपलब्ध जानकारी में स्कूल प्रबंधन या संबंधित शिक्षिका का पक्ष सामने नहीं आया है।
Editor: शिवानी राजपूत



