Rewari News | 4 साल की बच्ची से दरिंदगी का आरोप : पड़ोसी युवक गिरफ्तार | मां की शिकायत पर केस दर्ज
कसोला थाना क्षेत्र के एक गांव में चार साल की बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। बच्ची की मां की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी पड़ोसी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची को उपचार और मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार बिहार निवासी एक परिवार गांव में किराए के मकान में रहता है। परिवार के पड़ोस में मध्य प्रदेश के सागर जिले का रहने वाला एक युवक भी किराए पर रहता था। वह बावल स्थित एक निजी कंपनी में काम करता है।

शिकायत के मुताबिक बच्ची की मां अस्पताल से दवा लेने के लिए गई थी और इस दौरान चार वर्षीय बेटी को पड़ोसी युवक की देखरेख में छोड़ गई थी। देर शाम वापस लौटने पर बच्ची अचेत अवस्था में मिली। इसके बाद परिजनों और पड़ोसियों को सूचना दी गई और मामला पुलिस तक पहुंचा।
बच्ची को तत्काल उपचार और मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। मां की शिकायत के आधार पर कसोला थाना पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

घटना के बाद आरोपी मौके से चला गया था। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
मामला चार साल की बच्ची से जुड़ा होने के कारण उसकी पहचान और परिवार से संबंधित ऐसी जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा रही है, जिससे उसकी पहचान उजागर हो सके।
Editor: शिवानी राजपूत



