Rewari News | बाबा मुक्तेश्वरी मठ पहुंचे पूर्व मंत्री जगदीश यादव : विशाल भंडारे में लिया आशीर्वाद | श्रद्धालुओं को बांटा प्रसाद

अहीरवाल क्षेत्र के वरिष्ठ नेता एवं हरियाणा सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री जगदीश यादव सोमवार को कोसली स्थित ऐतिहासिक सिद्ध बाबा मुक्तेश्वरी मठ पहुंचे। यहां आयोजित वार्षिक विशाल भंडारे में उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और बाबा मुक्तेश्वरी धाम में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। उनके आगमन पर मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों व फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया।
मठ परिसर में पहुंचने के बाद पूर्व मंत्री जगदीश यादव ने बाबा मुक्तेश्वरी धाम में माथा टेका और पूजा-अर्चना की। उन्होंने क्षेत्र और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान मठ के महंत ने उन्हें अंगवस्त्र भेंट किया और आशीर्वाद प्रदान किया।

वार्षिक भंडारे के अवसर पर कोसली सहित आसपास के दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मठ परिसर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। पूर्व कैबिनेट मंत्री जगदीश यादव ने भी भंडारे में श्रद्धालुओं को अपने हाथों से प्रसाद वितरित किया।
इस दौरान उन्होंने मठ में मौजूद बुजुर्गों, युवाओं, ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की तथा उनका हालचाल जाना। पूर्व मंत्री के कार्यक्रम में पहुंचने से स्थानीय ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
पत्रकारों से बातचीत में जगदीश यादव ने कहा कि धार्मिक और सामाजिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक धरोहर को जीवित रखने का काम करते हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव और एकजुटता की भावना मजबूत होती है। उन्होंने भंडारे के आयोजन और व्यवस्था के लिए मंदिर कमेटी की सराहना की।
भंडारे के दौरान मंदिर कमेटी के वरिष्ठ सदस्यों के अलावा क्षेत्र के कई गणमान्य लोग, पूर्व सरपंच, ब्लॉक समिति सदस्य, स्थानीय ग्रामीण और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान मठ परिसर में धार्मिक माहौल बना रहा।
Editor: शिवानी राजपूत



