Nuh News | चोरी की बाइक के साथ युवक गिरफ्तार : मथुरा से चोरी हुई थी मोटरसाइकिल | पुलिस ने दर्ज किया केस

नूंह। होडल रोड पर बीबीपुर मोड़ के पास वाहन जांच के दौरान सदर नूंह थाना पुलिस ने एक युवक को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद मोटरसाइकिल उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से चोरी हुई थी। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक टीम नूंह-होडल रोड पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर आ रहे एक युवक की गतिविधि संदिग्ध लगने पर उसे रोका गया। पूछताछ में युवक की पहचान अलावलपुर निवासी तसस्वर पुत्र फज्जर के रूप में हुई।

पुलिस ने बताया कि युवक के कब्जे से काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई। बाइक पर आगे और पीछे नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस ने जब मोटरसाइकिल से संबंधित बिल, पंजीकरण प्रमाणपत्र और अन्य दस्तावेज मांगे तो युवक कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल के चेसिस और इंजन नंबर के आधार पर जांच कराई। पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि मोटरसाइकिल मथुरा जिले के मगोर्रा थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी। इस संबंध में 21 मई 2025 को संबंधित थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 317(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार एविटी स्टाफ ने आरोपी को पकड़कर सदर थाना नूंह पुलिस के हवाले किया।
जांच अधिकारी शमीम ने बताया कि आरोपी को नियमानुसार अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद मोटरसाइकिल आरोपी के पास कैसे पहुंची तथा मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है या नहीं।
Editor: नितिन यादव



